भारत में सांप काटने से होने वाली मौतों के आंकड़े बताते हैं कि यह समस्या देश के लिए कितनी बड़ी चुनौती है। सांप काटने पर आमतौर पर जिस एंटीवेनम का इस्तेमाल किया जाता है, वह देश के प्रमुख चार जहरीले सांपों के जहर को बेअसर करने के लिए तैयार किया गया है। इन्हें बिग-4 कहा जाता है लेकिन पूर्वोत्तर भारत में पाए जाने वाले कई दूसरे जहरीले सांपों के काटने पर यह दवा उतनी असरदार नहीं होती।
अब वैज्ञानिकों ने पूर्वोत्तर भारत में पाए जाने वाले दो जहरीले सांपों के जहर के खिलाफ एक नया एंटीवेनम तैयार किया गया है। शुरुआती रिसर्च में यह मौजूदा एंटीवेनम से ज्यादा असरदार साबित हुआ है। यह रिसर्च इसलिए खास है, क्योंकि भारत में कई ऐसे जहरीले सांप हैं, जिनके काटने पर बिग-4 के लिए बनाई गई दवा उतनी असरदार नहीं होती है।
यह भी पढ़ें: देश भर में 324 दवाओं के सैंपल फेल, हिमाचल में 92 सैंपल नाकाम
स्टडी में क्या है, नए एंटीवेनम के बारे में जानें
गुवाहाटी स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IASST) के निदेशक प्रोफेसर आशीष के. मुखर्जी की अगुवाई में शोधकर्ताओं की टीम ने नया एंटीवेनम तैयार किया है। IASST, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) का एक स्वायत्त संस्थान है। बता दें कि वैज्ञानिकों ने घोड़ों की मदद से एक नया बाइवैलेंट एंटीवेनम तैयार किया है। इसमें खास तरह के एंटीबॉडी के हिस्सों F(ab')2 का इस्तेमाल किया गया है।
पूर्वोत्तर राज्यों में पोप्स पिट वाइपर और रेड-टेल्ड बैंबू पिट वाइपर के काटने के मामले आम हैं, जिनके काटने पर मरीज को तुरंत इलाज की जरूरत होती है। नया एंटीवेनम इन दोनों सांपों के जहर पर असर करता है। इन सांपों के जहर के नमूने मिजोरम और मेघालय से जुटाए गए थे।
इस रिसर्च में IASST गुवाहाटी, प्रीमियम सीरम्स एंड वैक्सीन्स प्राइवेट लिमिटेड, पुणे, अमृता रिसर्च सेंटर दिल्ली-NCR, मिजोरम यूनिवर्सिटी और आरन्यक, गुवाहाटी के शोधकर्ताओं ने मिलकर काम किया। इस परियोजना में शिक्षण और शोध संस्थानों के साथ निजी क्षेत्र ने भी सहयोग किया।
आंकड़े क्या बताते हैं?
21 जुलाई 2026 को राज्यसभा में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में सांप काटने के मामले भी एक चुनौती हैं। ये आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय के IDSP-IHIP निगरानी पोर्टल से लिए गए हैं। हालांकि, दिए गए आंकड़े देश में कुल मौतों की तस्वीर साफ नहीं करते हैं। फिर भी इन आंकड़ों के मुताबिक, असम सबसे आगे 2025 में 11,817 मामले और 13 मौतें दर्ज हुईं। त्रिपुरा दूसरे नंबर पर है, जहां यहां 1,146 मामले दर्ज हुए। मेघालय में भी मामले बढ़े, इसके मुताबिक 2023 में 278 मामले थे, जो 2025 में बढ़कर 655 हो गए।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) सांप काटने की समस्या को ऐसी बीमारी मानता है, जिस पर दुनिया में उतना ध्यान नहीं दिया गया है। यह एक मेडिकल इमरजेंसी भी है। हाल ही में हुई एक रिसर्च के मुताबिक, इन खास सांपों के जहर पर असर करने वाले एंटीवेनम की कमी के कारण पूर्वोत्तर भारत में सांप काटने के इलाज का संकट बना हुआ है।
पुराने एंटीवेनम के मुकाबले नए एंटीवेनम का असर
लैब और शुरुआती परीक्षणों में नए बाइवैलेंट एंटीवेनम ने पूर्वोत्तर भारत के इन पिट वाइपर सांपों के जहर से बचाव में मौजूदा भारतीय पॉलीवैलेंट एंटीवेनम के मुकाबले काफी बेहतर नतीजे सामने आए हैं।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पिट वाइपर के जहर से शरीर में खून जमने की प्रक्रिया बिगड़ सकती है। इसके अलावा शरीर के आसपास के ऊतकों और दूसरे अंगों को भी नुकसान पहुंच सकता है। नए एंटीवेनम से इन दोनों तरह के नुकसान को काफी हद तक कम करने में मदद मिली।
मरीजों को देने से पहले और जांच जरूरी
इस रिसर्च की अगुवाई करने वाले प्रोफेसर आशीष के. मुखर्जी ने कहा कि नए एंटीवेनम को आम मरीजों के इलाज में इस्तेमाल करने से पहले इंसानों पर क्लिनिकल ट्रायल और जरूरी नियम और जांच पूरी करनी होगी। हालांकि, उन्हें इस नए एंटीवेनम से बेहतर इलाज की उम्मीद है।
रिसर्च में इस बात पर जोर दिया गया है कि भारत के अलग-अलग इलाकों में पाए जाने वाले जहरीले सांपों के हिसाब से एंटीवेनम तैयार करने की जरूरत है। खासकर पूर्वोत्तर भारत में कई ऐसे जहरीले सांप पाए जाते हैं, जिन्हें 'बिग-4' की सूची में शामिल नहीं किया गया है।