जल्दी पैसे कमाने की चाहत कैसे भारी पड़ सकती है, इसका ताजा उदाहरण पुणे में सामने आया है। यहां 75 साल के एक डॉक्टर साइबर ठगी का शिकार हो गए और उन्हें 12.31 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। ठगों ने उन्हें सिर्फ 11 दिन में पैसा दोगुना करने का लालच दिया था। डॉक्टर को शुरुआत में एक अज्ञात नंबर से मैसेज मिला। जिसमें शेयर बाजार में निवेश के जरिए भारी मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। झांसे में आकर उन्होंने रुचि दिखाई, जिसके बाद उन्हें 'VIP Stock 24' नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। यहां उन्हें लगातार ऐसे प्लान दिखाए गए, जिनमें कम समय में ज्यादा रिटर्न का वादा किया गया।
पुलिस के मुताबिक, ठगों ने डॉक्टर को एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। यह ऐप किसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनी जैसा दिखता था, जिससे भरोसा बढ़ा। डॉक्टर की ओर से भेजी गई रकम को ऐप में निवेश के रूप में दिखाया गया और उस पर फर्जी मुनाफा भी दिखाया गया, ताकि उन्हें शक न हो।
यह भी पढ़ें: मानेसर की फैक्ट्रियों में सैलरी बढ़ाने के लिए प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
8 ट्रांजैक्शन में करोड़ों की ठगी
7 मार्च से 18 मार्च के बीच डॉक्टर ने आठ अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12.31 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। हर बार उन्हें भरोसा दिलाया गया कि उनका पैसा तेजी से बढ़ रहा है। जब उन्होंने और पैसे भेजने में हिचक दिखाई तो ठगों ने उन्हें संपत्ति जब्त करने तक की धमकी दे डाली। करीब तीन महीनों तक डॉक्टर ठगों के कहने पर पैसे भेजते रहे और मुनाफे का इंतजार करते रहे लेकिन जब न तो कोई रकम वापस मिली और न ही मुनाफा, तब उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
मामले में साइबर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है और पैसे के लेन-देन की पूरी कड़ी को खंगाल रही है। साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि ऐसे किसी भी लालच भरे निवेश ऑफर से सावधान रहें।