महाराष्ट्र के पालघर जिले में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां बर्थडे केक के अंदर 'मरी हुई छिपकली' मिलने से बच्चों समेत 11 लोग बीमार पड़ गए। सभी बच्चों को बाद में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इसमें भी तीन बच्चों की हालत गंभीर है और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है।
मामला सामने आने के बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। बाद में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने उस बेकरी पर छापा मारा और उसका लाइसेंस रद्द कर दिया। परिवार ने इसी बेकरी से केक खरीदा था।
यह भी पढ़ें: तेज प्रताप और ऐश्वर्या का रिश्ता टूटा क्यों? खुद बता दिया
बर्थडे पार्टी में शामिल होने आए थे लोग
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम को नालासोपारा (ईस्ट) के तकीपाड़ा इलाके के नीलकंठेश्वर में हुई। यहां की रहने वाली 25 साल की महिला का बर्थडे था, इसी के जश्न में शामिल होने के लिए लोग इकट्ठा हुए थे।
यह भी पढ़ें: बिहार में अपराध घटे, हत्या में 10, डकैती में 31 फीसदी की आई गिरावट
बच्चों ने सीने में जलन की शिकायत की
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 6 बजे कुछ बच्चे महिला का बर्थडे मनाने के लिए केक लेकर आए। केक खाने के थोड़ी देर बाद, बच्चों ने सीने में जलन की शिकायत की। इसके बाद, उन्हें उल्टी होने लगी और उन्हें पास के सरकारी हॉस्पिटल ले जाना पड़ा।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'बच्चों ने बताया कि उन्हें केक के अंदर एक मरी हुई छिपकली मिली। बच्चों को विजयलक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।' बच्चों का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि बाकी के बच्चों की हालत स्थिर है। पुलिस ने केक के सैंपल लिए हैं और उन्हें जांच के लिए आगे भेज दिया है।