संजय सिंह, पटना। बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रेम, सामाजिक दबाव और कानून के बीच नई बहस छेड़ दी है। शिकारपुर थाना क्षेत्र के केहुनिया गांव में ग्रामीणों ने एक प्रेमी युगल को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद जो हुआ, वह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
ग्रामीणों ने दोनों को गांव के मंदिर में ले जाकर शादी करा दी और युवक से युवती की मांग में सिंदूर भरवा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है और अब इस पूरे घटनाक्रम की वैधता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
एक साल से चल रही थी प्रेम कहानी
जानकारी के मुताबिक, केहुनिया गांव की रहने वाली एक युवती और पड़ोसी गांव सिस्वा निवासी आदित्य कुमार के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और अक्सर मुलाकात भी करते थे। बताया जाता है कि शुक्रवार रात दोनों मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और दोनों को पकड़कर गांव के मंदिर परिसर में ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: लेह में 9 करोड़ से बनेगा 'मल' साफ करने का प्लांट, क्यों उठाया गया कदम?
मंदिर बना फैसले का मंच, भीड़ बनी गवाह
मंदिर परिसर में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीणों के दबाव और मौजूदगी में युवक आदित्य कुमार से युवती की मांग में सिंदूर भरवाया गया। कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला गांव की चौपाल से निकलकर पुलिस और प्रशासन तक पहुंच गया।
युवती बोली हम दोनों बालिग, करते हैं प्यार
घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित थाने ले आई। पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह और आदित्य दोनों बालिग हैं तथा अपनी मर्जी से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। युवती ने यह भी बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आदित्य से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गईं।
यह भी पढ़ें: विमान के टॉयलेट में मिला 4 करोड़ का सोना, हैरान कर देगा छिपाने का तरीका
अब सबसे बड़ा सवाल
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल शादी की कानूनी वैधता को लेकर उठ रहा है। यदि दोनों बालिग हैं और अपनी इच्छा से साथ रहना चाहते हैं तो यह उनका अधिकार है, लेकिन यदि शादी सामाजिक दबाव या भीड़ के दबाव में कराई गई है, तो इसकी वैधता और परिस्थितियों की जांच जरूरी हो जाती है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शादी स्वेच्छा से हुई या दबाव में।
गांव में चर्चा, सोशल मीडिया पर बहस
केहुनिया गांव की यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग राय दे रहे हैं। कुछ लोग इसे प्रेमी युगल के रिश्ते को सामाजिक स्वीकृति मिलने की घटना बता रहे हैं, तो कुछ इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता में हस्तक्षेप और भीड़ के दबाव का मामला मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने का इंतजार है, जिसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह शादी प्रेम की परिणति थी या सामाजिक दबाव में लिया गया फैसला।