संजय सिंह, पटना: होली से पहले अपराध और अवैध शराब कारोबार पर लगाम कसने के लिए बिहार की पुलिस ने सख्त अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बिहार के मोकामा और लखीसराय में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोकामा में एक कुख्यात अफराधी बालो यादव और शराब माफिया रामाज्ञा यादव को गिरफ्तार किया गया है। लखीसराय से एक शराब तस्कर को 150 लीटर देसी शराब के साथ पकड़ा गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कन्हाईपुर दियारा क्षेत्र में बालो यादव और रामाज्ञा यादव किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही, वहां अवैध शराब बनाने और जमा करने की भी खबर थी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन छापेमारी शुरू की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपित भागने लगे लेकिन टीम ने पीछा करके उन्हें पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: बिहार के दौरे पर होंगे अमित शाह, रोहिंग्या के लिए है खास प्लान
पिस्तौल और जिंदा कारतूस जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की। इसके अलावा एक पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपित लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे और कई मामलों में वांछित चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी को इलाके में सक्रिय अपराधी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि जब्त हथियारों और शराब की जांच की जा रही है। दोनों आरोपितों से पूछताछ कर उनके गिरोह, सहयोगियों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अवैध शराब किन-किन इलाकों में भेजी जा रही थी। दियारा क्षेत्र में आगे भी लगातार निगरानी और अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें: ‘योगी-मोदी के राज में…’, ग्रेटर नोएडा में सरेआम गोली मारने पर भड़का परिवार
लखीसराय में 150 लीटर देसी शराब बरामद
इधर, लखीसराय में होली को लेकर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने स्टेशन के पास छापेमारी कर लगभग 150 लीटर देसी शराब बरामद की। पुलिस को शक है कि शराब की खेप ट्रेन के जरिए लाई गई थी और आगे सप्लाई की तैयारी थी। इस मामले में अभयपुर निवासी एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली को देखते हुए जिलेभर में चेकपोस्ट, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अपराधियों और तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।