उत्तर प्रदेश की चर्चित पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब समाप्त होने की राह पर दिख रहा है। दोनों पक्षों में आपसी सहमति बन चुकी है और रिश्ते सुधरने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। पुरानी कड़वाहट को भुलाकर और बच्चों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए दोनों ने एक नई शुरुआत करने का फैसला किया है। इस सुलह की पुष्टि खुद आलोक मौर्या ने की है।
उन्होंने बताया कि बच्चों की परवरिश और उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखकर उन्होंने यह कदम उठाया है। जिला अदालत प्रयागराज और इलाहाबाद हाईकोर्ट में दोनों ओर से चल रहे मुकदमों को वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इससे पहले दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे, जो पूरे मामले को सोशल मीडिया से लेकर प्रशासनिक स्तर तक ले गए थे। अब दोनों पुराने विवादों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की तैयारी में हैं।
यह भी पढ़ें: 'शादी के दो साल बाद पति से...', ज्योतिषी की बात सुनकर दे दी जान
क्या था मामला?
यह कहानी 2023 में सार्वजनिक रूप से सामने आई थी, जब पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या और सफाई कर्मी आलोक मौर्या के बीच वैवाहिक मतभेद उजागर हुए। ज्योति मौर्या ने 2015 में पीसीएस परीक्षा पास की थी और विभिन्न जिलों में एसडीएम के पद पर काम किया। आलोक मौर्या का दावा था कि उन्होंने पत्नी की पढ़ाई और करियर में पूरा सहयोग दिया लेकिन सफलता मिलने के बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई। दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए, जिसमें विश्वासघात से लेकर अन्य मुद्दे शामिल थे।
मामला इतना बढ़ा कि जिला अदालत से इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंच गया। ज्योति मौर्या ने तलाक की अर्जी दाखिल की, जबकि आलोक मौर्या ने पत्नी से गुजारा भत्ता दिलाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की। इस दौरान आलोक मौर्या ने पुरुषों के अधिकारों की वकालत करते हुए पुरुष आयोग गठन की मांग भी की और उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। पूरा मामला मीडिया और सोशल मीडिया पर काफी वायरल रहा, जिसने कई सामाजिक मुद्दों पर बहस छेड़ दी।
गाजियाबाद में ADM हैं ज्योति मौर्या
अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। ज्योति मौर्या वर्तमान में गाजियाबाद जनपद में एडीएम प्रशासन के पद पर तैनात हैं। उनकी दोनों बेटियां उनके साथ रहकर पढ़ाई कर रही हैं। वहीं आलोक मौर्या अभी भी पंचायत राज विभाग में सफाई कर्मी के पद पर प्रयागराज में कार्यरत हैं।
इसके साथ-साथ वह उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और कई प्रारंभिक परीक्षाएं पास भी कर चुके हैं। हाल ही में वह UPPSC इंटरव्यू के लिए भी देखे गए, जो उनकी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: टैटू और QR कोड ने खोला राज, बेवफा पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को मारा
बच्चों की खातिर खत्म कर रहे विवाद
दोनों ने बच्चों की परवरिश को सबसे महत्वपूर्ण माना है। आलोक मौर्या ने स्पष्ट कहा कि विवाद खत्म करके वह एक सामान्य और स्थिर परिवारिक जीवन की ओर बढ़ना चाहते हैं। ज्योति मौर्या की नई पोस्टिंग नोएडा क्षेत्र में भी बताई जा रही है, जहां परिवार एक साथ रहने की संभावना मजबूत हो रही है।