उत्तर प्रदेश के संभल में एक मदरसे और दो अवैध मस्जिदों को ढहा दिया गया है। एक मस्जिद को लोगों ने खुद ही ढहा दिया। प्रशासन ने ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया था। मगर मौके पर पहुंचने पर वहां मलबा पड़ा मिला। तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक यह मस्जिद असमोली थाने के हाजीपुर गांव में स्थित है। इसे करीब डेढ़ बीघा सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाया गया था। प्रशासन ने करीब 3 घंटे में मलबे को हटाया।
संभल जिला प्रशासन ने एक मदरसे को भी ढहाया है। बताया जा रहा है कि यह करीब 1500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध तरीके से बनाया गया था। डेढ़ माह पहले तहसीलदार कोर्ट ने अवैध निर्माण ढहाने का आदेश दिया था। संभल डीएम राजेंद्र पेंसिया के मुताबिक मदरसे के नाम पर यहां कॉमर्शियल गतिविधियां चलाई जा रही थीं और दुकानों से किराया वसूला जा रहा था।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा सांसद मौसम नूर का कांग्रेस में जाना TMC के लिए कितना बड़ा झटका?
मदरसा कमेटी ने तहसीलदार कोर्ट के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी। हालांकि वह खारिज कर दी गई। अब 15 दिन के नोटिस की समय सीमा खत्म होने पर प्रशासन ने ध्वस्तीकरण अभियान चलाना था। मदरसे को ढहाते वक्त जिले के आला अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस तैनात रही। पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी की गई।
तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक 14 जून 2018 को लेखपाल ने सलेमपुर सालार गांव की एक रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया गया था कि हाजी शमीम ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया और अवैध मस्जिद का निर्माण किया। रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार कोर्ट में हाजी शमीम मुतवल्ली बनाम ग्राम सभा का केस चला। यह अवैध कब्जा करीब 25 साल पहले किया गया था।
हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद प्रशासन ने नोटिस जारी किया। शनिवार को नोटिस का अंतिम दिन था। सरकारी बुलडोजर पहुंचने से पहले ही मस्जिद कमेटी और गांव के लोगों ने अवैध निर्माण तोड़ डाला। डीएम राजेंद्र पेंसिया के मुताबिक अवैध निर्माण पर करीब 58 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। ध्वस्तीकरण के बाद 20 चयनित लोगों को यहां पट्टे पर जमीन दी गई है।
यह भी पढ़ें: पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड, मौसम का हाल जानिए
उधर, संभल जिले के ही राया बुजुर्ग गांव की एक मस्जिद पर भी बुलडोजर एक्शन हुआ है। 2 अक्टूबर को मस्जिद कमेटी को नोटिस जारी किया गया था। हालांकि मामले के हाई कोर्ट पहुंचने पर कार्रवाई थम गई थी। उस वक्त मस्जिद कमेटी ने कुछ हिस्सा खुद ही ढहा दिया था। इधर, हाई कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद जिला प्रशासन दोबारा सक्रिय हुआ और शनिवार को मस्जिद के बाकी अवैध हिस्से को ढहा दिया।