पंजाब के पटियाला के घुम्मन नगर इलाके में किराए का मकान देखने गए एक दंपती पर पालतू पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में कमरा देखने आए पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में कुत्ते को कमरा देखने आए पति-पत्नी पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। घर के गेट के पास खड़े दूसरे लोगों को उन्हें बचाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह घटना 11 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। घायलों की पहचान अंकित सभरवाल और उनकी पत्नी शिफाली के रूप में हुई है। अंकित के मुताबिक, वह अपनी पत्नी के साथ एक प्रॉपर्टी डीलर के जरिए किराए का मकान देखने घुम्मन नगर पहुंचे थे। जैसे ही मकान का गेट खोला गया, अंदर मौजूद पिटबुल अचानक बाहर आया और दोनों पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: 'पूरी बात नहीं कह पाई', धामी के सामने 1.5 लाख की बात करने वाली लड़की क्या बोली?
पति ने बताया कैसे हुए हमला?
अंकित ने बताया कि कुत्ते ने पहले उनकी पत्नी को निशाना बनाया। पत्नी को बचाने की कोशिश में वह भी उसकी चपेट में आ गए और उनके शरीर पर कई जगह गहरे घाव आए। अंकित के मुताबिक, उन्हें शरीर के कई हिस्सों में टांके लगे हैं। वहीं उनकी पत्नी शिफाली के हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा है। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्ता किस तरह दोनों पर हमला कर रहा है।
नहीं रुका कुत्ता
अंकित ने बताया कि कुत्ता अपने मालिक के कहने के बावजूद तुरंत नहीं रुका। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की हालत को देखते हुए परिवार काफी परेशान है और वह इस मामले में इंसाफ चाहते हैं। उनका कहना है कि एक ऐसी जगह, जहां लोग मकान देखने पहुंच रहे हों, वहां इतने आक्रामक कुत्ते को बिना पर्याप्त सुरक्षा के रखना गंभीर लापरवाही है।
CCTV में दिखा हमले का खौफनाक मंजर
घटना का कथित CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। फुटेज में पास खड़े लोग दंपती को कुत्ते से बचने की कोशिश करते देखा जा सकता है। आसपास के लोग भी मदद के लिए आगे आते हैं और डंडों की मदद से कुत्ते को दूर करने की कोशिश करते हैं। कुछ देर की मशक्कत के बाद लोगों ने घायल दंपती को वहां से निकालने में सफलता पाई और कुत्ता गेट से बाहर निकल गया।
यह भी पढ़ें: मंदिरों में चंदा चोरी पर बवाल, गुरुद्वारों में कैसे रखा जाता है चंदे का हिसाब?
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस घटना के बाद पटियाला में पालतू कुत्तों, खासकर आक्रामक नस्लों को लेकर बहस फिर तेज हो गई है। लोग इस तरह के कुत्तों को पालने के लिए जरूरी सुरक्षा उपायों पर सवाल उठा रहे हैं। पटियाला पुलिस ने इस घटना के बाद एक बयान में कहा कि 15 अगस्त के बाद पुलिस इस तरह के मामलों की गहनता से जांच करेगी।