प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा में नवनिर्मित रिफाइनरी क उद्घाटन किया। जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का भी लोकार्पण किया पीएम ने कहा कि जोधपुर से ही आज उड़ान योजना के नए चरण की शुरुआत हुई है। इसके तहत छोटे-छोटे शहरों और दूर-दराज के क्षेत्रों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2 का रिमोट से शिलान्यास किया। बालोतरा के पचपदरा में भारत की पहली 'ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर' देश की 24वीं रिफाइनरी है। यह देश की ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विकास और विकसित भारत की दिशा में बड़ी कामयाबी है। बालोतरा की धरती से ही पीएम मोदी ने एक लाख पांच हजार करोड़ रुपये की सौगात दी।
रिफाइनरी से हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
पीएम मोदी ने कहा कि यह रिफाइनरी यहां हजारों लोगों के रोजगार का माध्यम बनेगी। मैं राजस्थान के युवाओं को इस रिफाइनरी की विशेष तौर पर बधाई देता हूं। आज का दिन साक्षी है कि भाजपा सरकारें परियोजनाओं को सिर्फ शिलान्यास करके नहीं छोड़ती, बल्कि हम उन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए भी दिन-रात एक कर देते हैं। महीने पहले यहां जो हादसा हुआ, उसके बाद इतनी तेजी से काम पूरा कर लेना भी परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण है।
यह भी पढ़ें: केतन अग्रवाल केस में नया मोड़, सिया और चेतन नहीं करवाएंगे पॉलीग्राफ टेस्ट
चुनौतियों में भारत पीछे नहीं हटता
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आप सबने दिखा दिया है कि चुनौती चाहे कितनी भी बड़ी और अप्रत्याशित क्यों न हो, नया भारत अपने संकल्पों से न तो पीछे हटता है और न ही अपनी रफ्तार कम करता है। पीएम मोदी कहा कि आज ही, जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया गया। ये मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति देगा।
हथिनीकुंड से शेखावटी तक पहुंचेगा पानी
पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि अब जयपुर में मेट्रो का विस्तार भी होने जा रहा है। शेखावाटी क्षेत्र के जल संकट को दूर करने का इंतजार भी अब खत्म होने जा रहा है। मैं इन सभी प्रोजेक्ट्स के लिए राजस्थान के मेरे भाई-बहनों को बहुत बहुत बधाई देता हूं।
राजस्थान और हरियाणा सरकार मिलकर शेखावटी तक पानी पहुंचाएंगे। हाल ही में दोनों राज्यों के बीच समझौते पर मुहर भी लग चुकी है। इस समझौते के तहत हथिनीकुंड बैराज से पानी राजस्थान लाया जाएगा। इसके लिए अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसका लाभ सीकर, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के पूरे शेखावटी क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।
ऊर्जा संकट से कैसे उबरा भारत?
पीएम ने कहा कि आज राजस्थान की इस धरती से मैं देश के एक और सामर्थ्य की चर्चा करूंगा। आप भी देख रहे हैं कि पश्चिमी एशिया में युद्ध की वजह से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा है, हर देश त्रस्त है। इस युद्ध ने 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट को जन्म दिया। बड़े-बड़े देश आज ईंधन की किल्लत से जूझ रहे हैं, लेकिन, 21वीं सदी के इस सबसे बड़े ऊर्जा संकट पर 21वीं सदी के नए भारत की इच्छाशक्ति और प्रयास भारी पड़े हैं।
भारत ने हर स्तर पर सही फैसले लिए। संकट का समय रहते सटीक आंकलन किया, प्रभावी रणनीति बनाई। भारत के संसाधनों का संतुलित प्रयोग किया। भारत ने रणनीति शक्ति का सकारात्मक इस्तेमाल किया। तब जाकर भारत सकंट से उबर पाया है।
दूसरे देशों से दोस्ती बहुत काम आई
पीएम ने बताया कि युद्ध के समय में भारत की दूसरे देशों के साथ दोस्ती बहुत काम आई। जब ये संकट शुरू हुआ था, उससे पहले भारत 25-26 देशों से ईंधन का आयात करता था।
लेकिन संकट के समय भारत की कूटनीति का जलवा दिख गया। दूसरे देशों के साथ हमारे अच्छे संबंध इस संकट की घड़ी में बहुत काम आए। युद्ध के दौरान ही भारत 40 से ज्यादा देशों से ईंधन मंगाने लगा। भारत ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि हमारे लिए राष्ट्रहित और राष्ट्र के नागरिकों का हित सर्वोपरि है। नागरिक देवो भवः हमारा मंत्र है।
यह भी पढ़ें: प्रेमी के लिए बच्चों के साथ टावर पर चढ़ी, इलाके में मचा हंगामा, 9 घंटे बाद उतरी
बालोतरा रिफाइनरी: बालोतरा रिफाइनरी को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार ने संयुक्त उद्यम के तौर पर विकसित किया है। 90 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष की क्षमता वाली इस ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर की स्थापना में 79,450 करोड़ रुपये का निवेश किया गया।
जयपुर मेट्रो फेज-2: पीएम मोदी ने जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखी। इसकी कुल लागत 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। दूसरे चरण के तहत प्रह्लादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। यह सीतापुरा और विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र को 36 स्टेशनों के माध्यम से जोड़ेगा।