उत्तर प्रदेश के जौनपुर से थाने में एक युवक की बेल्ट से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर थाने के प्रभारी विनोद मिश्र एक युवक को बुरी तरह से पीटते दिखाई दे रहे हैं। यह 41 सेकंड का वीडियो जिसने भी देखा वह हैरान रह गया। आरोप है कि विनोद मिश्र ने युवक से पैसे लिए थे और जब युवक ने पैसे वापस मांगे तो वह उसकी पिटाई करने लगे। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद थाना प्रभारी पर ऐक्शन लिया गया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पुलिस वालों ने थाने में ही पहले एक खंभे के सहारे युवक के हाथ पकड़े और उसके बाद थाना प्रभारी विनोद मिश्र ने बेल्ट से युवक की पिटाई की। विनोद मिश्र बड़ी ही बेरहमी से बेल्ट से युवक को पीटते हैं। पिटाई के बाद युवक जमीन पर गिरा तो विनोद ने उसे पैर से उठाने का प्रयास किया। इस बीच हाथ पकड़ने वाले पलिस वाले ने उस युवक को उठाकर दूसरी तरफ कर दिया। वीडियो में बस इतनी ही घटना दिखाई दे रही है। इसके बाद इस युवक का क्या हुआ वह सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें-- 1 नहीं 7 बार, भारत के हर भरोसे पर पाकिस्तान ने दिया जख्म
पैसे वापस मांगने पर की पिटाई?
आरोप है कि युवक ने किसी काम के लिए विनोद मिश्र को पैसे दिए थे। विनोद मिश्र ने उस युवक का काम नहीं किया तो युवक ने विनोद से पैसा वापस मांगा। पैसा वापस मांगने पर विनोद मिश्रा उस युवक पर भड़क गया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। विनोद मिश्रा पर पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं। मुंगरा बादशाहपुर से पहले विनोद मिश्रा बदलापुर में पोस्टेड थे। वहां भी विनोद पर पैसे लेने के आरोप लगे थे और एसपी से इसकी शिकायत भी की गई थी।
इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद विनोद मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया गया है और उनकी जगह दिलीप सिंह को चार्ज दिया गया है। एसपी कौस्तुभ कुमार ने थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है और पिटाई के दौरान युवक का हाथ पकड़ने वाले दोनों पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
एसपी कौस्तुभ कुमार ने बताया, 'थाना प्रभारी विनोद मिश्र और घटना के दौरान उसका साथ देने वाले दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया और उनके खिलाफ धारा 14/1 के तहत कार्यवाही की जा रही है। सात दिन के अंदर जांच होगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।'
यह भी पढ़ें-- पाकिस्तान को मिलने वाला पानी तुरंत रुकेगा? सिंधु जल संधि की पूरी कहानी
पुलिस पर उठे सवाल
इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, 'इनको वर्दी मिली है पब्लिक सेवा करने को तो ये राजशाही और तानाशाही करते हैं। लगभग 80% लोगों का भरोसा पुलिस से उठ गया है वे अपनी शिकायत लेकर जाने से डरते हैं।' आनंद नाम के एक सोशल मीडिया यूजर ने इस घटना का वीडियो पोस्ट कर लिखा कि इस तरह के वीडियो अपने देश के भ्रष्ट सिस्टम को साफ साफ दिखाते हैं। यह पूरा सिस्टम ही भ्रष्ट है।