बिहार के सारण में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटने का काम जारी है। हाल ही में राहत सामग्री बांटने के दौरान ही एक एक पुलिस अधिकारी ने लोगों पर पिस्टल तान दी थी। सारण जिले में हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं। इश बारे में रविवार को पुलिस ने एक बयान जारी करके कहा कि मकेर थाने के प्रभारी संग्राम कुमार सिंह सिंह को लापरवाही, अनुशासन और मनमानी के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, बिहार के 6 जिलों के लगभग 10 लाख लोग बाढ़ से अब भी प्रभावित हैं और लाखों लोग अपना घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
यह घटना मकेर थाना क्षेत्र के रेवा घाट की है। राहत सामग्री बांटने वाली गाड़ियों के पास लोग इकट्ठा थे और शोर हो रहा था। लोगों को काबू में करने के लिए थानाध्यक्ष संग्राम सिंह एक गाड़ी के ऊपर चढ़ गए थे। दूसरी गाड़ी पर जब लोग लपकते दिखे तो संग्राम सिंह उस गाड़ी में कूद गए। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ ज्यादा थी और बांटने में अव्यवस्था हो रही थी। बार-बार हंगामा हो रहा था। लोग भी आक्रोशित थे और कुछ लोग गाड़ी पर चढ़ने के साथ-साथ सामान खींचने की कोशिश भी कर रहे थे। इसी दौरान संग्राम सिंह आपा खो बैठे।
यह भी पढ़ें: 'चंपत राय RSS का एजेंट, चंदे के पैसे से बने BJP के दफ्तर', दिग्विजय ने लगाए आरोप
पहले चप्पल फिर पिस्टल दिखाई
पहले तो उन्होंने अपनी चप्पल निकाली और लोगों को दिखाई। फिर देखते ही देखते संग्राम सिंह अपनी कमर से बंधी पिस्टल निकालते हैं और लोगों को डराते हुए उन पर तान देते हैं। इतना ही नहीं, इसके बाद वह पिस्टल रख लेते हैं और गाड़ी से उतरकर लोगों के बीच जाते हैं जहां उनकी बहस होने लगती है। इसी को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।
अब पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह घटना ड्यूटी में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और मनमानी को दर्शाती है। सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है, 'मकेर के थाना प्रभारी संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था जिसमें वह इलाके में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के समय लोगों की ओर कथित तौर पर पिस्तौल लहराते हुए दिखे थे।'
यह भी पढ़ें: अमृतसर में पुलिस के ASI पर 3 युवकों ने चलाई गोली, बाल-बाल बची जान
बता दें कि सितंबर के आखिरी हफ्ते में नेपाल और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद बिहार के छह जिलों के 30 प्रखंडों की 169 ग्राम पंचायतों में करीब 9.87 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित जिलों में सारण, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, दरभंगा और मुजफ्फरपुर शामिल हैं।