logo

मूड

ट्रेंडिंग:

47 साल बाद मनाली में ठहरा कोई राष्ट्रपति, इतिहास रच गईं द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कड़ी सुरक्षा के बीच मनाली पहुंचीं। उन्होंने रामबाग में हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

मनाली में अभिवादन स्वीकार करतीं राष्ट्रपति मुर्मू, Photo Credit-KG

मनाली में अभिवादन स्वीकार करतीं राष्ट्रपति मुर्मू, Photo Credit-KG

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने हिमाचल दौरे के तहत मंगलवार को हेलीकॉप्टर से मनाली पहुंचीं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट रहीं। उनके दौरे को देखते हुए मनाली में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया था और हेलीपैड से लेकर उनके ठहरने के स्थान तक विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हेलीकॉप्टर करीब एक बजे डीजीआरई के हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद करीब सवा एक बजे राष्ट्रपति का काफिला मनाली की ओर रवाना हुआ। रामबाग चौक पहुंचने पर राष्ट्रपति ने सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए रामबाग और मार्ग के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक मौजूद रहे। राष्ट्रपति की ओर से किए गए अभिवादन से लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पुलिस और सुरक्षा कर्मी रहे तैनात

राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने वाले मार्ग पर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई थी। महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस और सुरक्षा कर्मी तैनात रहे, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की। काफिले के गुजरने के दौरान मार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया गया, ताकि राष्ट्रपति की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके।

 

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मनाली के बाजार और प्रमुख स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। हेलीपैड से लेकर सर्किट हाउस तक सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही पूरे मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया था। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए आम लोगों और पर्यटकों की आवाजाही को भी निर्धारित व्यवस्था के तहत नियंत्रित किया गया।

राष्ट्रपति के मनाली पहुंचने से पर्यटन नगरी में खासा उत्साह देखने को मिला। मार्ग के किनारे खड़े लोगों में राष्ट्रपति को करीब से देखने की उत्सुकता रही। कई स्थानों पर लोग काफी देर पहले ही पहुंच गए थे। रामबाग में राष्ट्रपति द्वारा हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किए जाने का दृश्य लोगों के लिए खास आकर्षण रहा।

 

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिमाचल में भव्य स्वागत, CM सुक्खू ने की अगवानी

 

मनाली के इतिहास से जुड़ा राष्ट्रपति का दौरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मनाली दौरा ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 1979 में तत्कालीन राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी ने मनाली का दौरा किया था। इसके बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 11 जून 2022 को अटल टनल रोहतांग पहुंचे थे। उनका मनाली में ठहराव नहीं हुआ था।

अब करीब 47 वर्ष बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मनाली में ठहर रही हैं। वह मनाली के परिधि गृह में रुकेंगी। यह वही परिधि गृह है, जहां देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के ठहरने का भी उल्लेख मिलता है। ऐसे में राष्ट्रपति का यहां ठहरना मनाली के इतिहास और पर्यटन महत्व के लिहाज से भी खास माना जा रहा है।

मनाली एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां की थीं। सुरक्षा के साथ-साथ यातायात, स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य आपात व्यवस्थाओं को भी सक्रिय रखा गया है। प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति के निर्धारित कार्यक्रमों के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। फिलहाल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मनाली पहुंचने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उनके निर्धारित कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था लगातार निगरानी में रखी गई है। राष्ट्रपति के इस दौरे से मनाली एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में है।


और पढ़ें