logo

मूड

ट्रेंडिंग:

संपत्ति विवाद में जेठ-जेठानी ने महिला पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 75 फीसदी झुलसी

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में संपत्ति का विवाद हिंसक हो गया। जेठानी ने कथित तौर पर अपने देवरानी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

representative image of Crime Scene

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद का दर्दनाक अंत हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विवाद में एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। यह घटना अलीगढ़ के सिविल लाइंस क्षेत्र की बताई जा रही है। महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार को हुई है और घटना के बाद महिला को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। आरोप है कि ससुराल में महिला के जेठ और जेठानी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही महिला चीखने लगी। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला करीब 75 फीसदी झुलसी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

 

यह भी पढ़ें: AI को रेगुलेट करेगी सरकार, एक महीने में जारी होगा कंसल्टेशन पेपर

क्या है पूरा मामला?

यह मामला संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़िता की पहचान 30 साल की साहिबा के रूप में हुई है। वह अलीगढ़ के भुजपुरा की रहने वाली हैं और करीब चार साल पहले सिविल लाइंस क्षेत्र के हमदर्द नगर निवासी इरफान से उनकी शादी हुई थी। मायके पक्ष के अनुसार, साहिबा की सास शहजादी के नाम अलग-अलग जगहों पर संपत्ति है।

 

बताया गया है कि कुछ दिन पहले शहजादी ने टीचर्स कॉलोनी में करीब 50 गज का प्लॉट अपने बड़े बेटे के नाम कर दिया था। इसके बाद मौलाना आजाद नगर में करीब 250 गज के प्लॉट में से 125 गज भी बड़े बेटे के नाम कर दिया गया। बाकी 125 गज के मकान को छोटे बेटे इरफान के नाम किए जाने की प्रक्रिया बुधवार को होनी थी। इसी सिलसिले में शहजादी अपने बेटे इरफान और बहू साहिबा के साथ तहसील पहुंची थीं।

तहसील में हुआ विवाद

आरोप है कि तहसील में संपत्ति को ट्रांसफर करने की प्रक्रिया के दौरान जेठानी ने इसका विरोध किया और हंगामा किया। इसके चलते संपत्ति ट्रांसफर करने की कागजी कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद शहजादी और साहिबा वहां से वापस लौट आए। दावा किया जा रहा है कि इसके कुछ देर बाद जेठानी भी उनके पीछे घर पहुंच गई।


पीड़िता के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि साहिबा की जेठानी और उनकी बेटी ने घर पहुंचकर साहिबा के साथ लड़ाई की। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने कथित तौर पर साहिबा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और साहिबा बुरी तरह जल गई। इस मामले में साहिबा के मायके वालों ने शिकायत दर्ज करवा दी है। 

 

यह भी पढ़ें: विपक्षी MPs ने लंच के लिए Moets रेस्टोरेंट को ही क्यों चुना? मालिक ने बताया

जांच में जुटी पुलिस

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए हैं और मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के मायके वालों का आरोप है कि जेठानी नहीं चाहती थी कि शहजादी की संपत्ति का बचा हुआ हिस्सा साहिबा के पति के नाम हो। उनका यह भी आरोप है कि जेठानी पहले ही दो मकान अपने नाम करा चुकी है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है। 

Related Topic:#Uttar Pradesh

और पढ़ें