महाराष्ट्र के पुणे में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। पुणे के लोणावला स्थित लोहागढ़ किले में 18 जून को हुई रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को उसकी ही मंगेतर ने कथित तौर पर धक्का देकर मार दिया। इस मामले में उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर केतन की हत्या इसलिए की क्योंकि वे एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, जबकि सिया की शादी केतन से तय हो चुकी थी। इस मामले में अब सिया के भाई ने एक बड़ा खुलासा किया है।
सिया गोयल के भाई साहिल गोयल ने दावा किया है कि सिया केतन अग्रवाल से शादी करना चाहती थी। साहिल ने बताया कि सिया चेतन को लेकर खुद भी पूरी तरह से आश्वस्त नहीं थी। उन्होंने कहा कि सिया चेतन को लेकर खुद भी भ्रमित थी। इस खुलासे के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
यह भी पढ़ें: मॉनसून में कम बारिश हो तो कौन सी फसलें उगानी सही रहेंगी? फायदा, नुकसान सब समझिए
साहिल ने क्या बताया?
साहिल ने एक इंटरव्यू में कहा कि उसे सिया और चेतन के रिश्ते के बारे में पता था, क्योंकि दोनों की मुलाकात उसके जरिए हुई थी। उसने बताया कि उसने यह बात अपने माता-पिता को नहीं बताई, क्योंकि सिया ने उससे कहा था कि वह केतन से ही शादी करेगी। साहिलने बताया कि सिया ने उससे कहा था कि वह अपनी पूरी जिंदगी केतन के साथ बिताना चाहती है और उसका चेतन से कोई रिश्ता नहीं है।
केतन से शादी करना चाहती थी सिया?
साहिल के अनुसार, सिया ने उसे भरोसा दिया था कि वह चेतन से कोई संपर्क नहीं रखेगी और वह सिर्फ केतन से शादी करेगी। साहिल ने बताया कि इसी वजह से उसने परिवार को कुछ नहीं बताया। उसने यह भी कहा कि सिया अपनी शादी की तैयारियों में खुश थी। वह केतन के साथ प्री-वेडिंग फोटोशूट की तैयारी करती थी। वह गाने और शूट की जगह चुनती थी और केतन से घंटों वीडियो कॉल पर बात करती थी।
चेतन के साथ क्या रिश्ता?
साहिल ने कहा कि सिया चेतन के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुद भी आश्वस्त नहीं थी। उसके अनुसार, सिया ने बताया था कि चेतन सिर्फ उसका दोस्त है और उसे उसकी कंपनी अच्छी लगती है। साहिल ने उसे समझाने की कोशिश की थी कि कई बार लोग दोस्ती और प्यार में अंतर नहीं समझ पाते, लेकिन सिया ने कहा था कि वह केतन के साथ ही शादी करना चाहती है।
साहिल की भूमिका की जांच
पुणे पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सिया और चेतन पहले ही इस मामले में आरोपी हैं। अब पुलिस साहिल की भूमिका की भी जांच कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या साहिल को सिया और चेतन के रिश्ते की पूरी जानकारी पहले से थी और क्या उसने जानबूझकर परिवार से यह बात छिपाई।
पुलिस की जांच साहिल के बयान से अलग दिशा में जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आया है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसने यह बात साहिल को बताई थी। पुलिस को शक है कि साहिल को सिया और चेतन के रिश्ते के बारे में जानकारी थी, लेकिन उसने चुप्पी बनाए रखी। हालांकि, साहिल का कहना है कि सिया खुद केतन से शादी करना चाहती थी।
यह भी पढ़ें: अकाल तख्त का आदेश, बेअदबी कानून में क्या बदलेगी भगवंत मान की सरकार?
पुलिस को क्यों हुआ शक?
पुलिस साहिल को इस मामले में संदिग्ध कई गवाहों और सबूतों के आधार पर मान रही है। जिस ड्राइवर ने सिया को प्री-वेडिंग शूट के लिए एयरपोर्ट छोड़ा था, उसने पुलिस को बताया कि जब सिया जाने से मना कर रही थी, तब साहिल ने कथित तौर पर उसे कार में बैठने के लिए मजबूर किया था। पुलिस ने साहिल से सोमवार को 10 घंटे पूछताछ की और उसके बयान दर्ज किए। हालांकि अभी तक साहिल को आधिकारिक रूप से आरोपी नहीं बनाया गया है। इस मामले में सिया और चेतन दोनों जेल में बंद हैं।