पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अपने ही विधायक पर गाज गिरा दी है। बठिंडा की मौड़ विधानसभा सीट से विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना को पार्टी-विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है। विधायक सुखवीर सिंह ने हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया था। उनके इसी वीडियो के बाद आम आदमी पार्टी ने निलंबित करने का फैसला किया।
अपने पत्र में आम आदमी पार्टी ने लिखा, 'प्रिय सुखवीर सिंह, पार्टी के ध्यान में यह बात आई है कि आप पार्टी-विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता में शामिल पाए गए हैं। इसे देखते हुए पार्टी से आपकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित की जाती है।'
विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। विपक्षी दलों ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सुखवीर का वीडियो साझा किया और पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, 'कैमरे के दावे बनाम पंजाब की जमीनी हकीकत! आम आदमी पार्टी के अपने विधायक सुखवीर मैसरखाना के आंसुओं ने पंजाब के बहुचर्चित 'शिक्षा मॉडल' के पीछे की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है।' उधर, आम आदमी पार्टी का कहना है कि विधायक मैसरखाना का दावा झूठा और सरकार की छवि खराब करने का प्रयास है।
खबर अपडेट की जा रही है...