पंजाब के मानसा में चर्चित एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या हो गई है। वह नशे के खिलाफ अभियान के दौरान एक मेडिकल स्टोर पर गए थे। स्टोर मालिक के साथ ड्रग सप्लाई को लेकर कुछ बहस हुई, जिसके बाद उसने बंदूक से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परविंदर सिंह झोटा मेडिकल स्टोर मालिक से अनुरोध कर रहे थे कि वह ड्रग बेचना बंद करे और नशे के काम में न लिप्त रहे। यहीं से विवाद भड़का, जिसके बाद दोनों तरफ से उकसावे वाली बातें कहीं गईं। परविंदर सिंह झोटा के साथ कुछ उनके समर्थक भी थे। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि दुकान मालिक ने बंदूक तान दी।
मेडिकल स्टोर मालिक काफी देर तक पहले बहस करता रहा, फिर चुपके से बंदूक निकालकर परविंदर सिंह झोटा को गोली मार दी। वह गोली लगने के बाद वहीं गिर पड़े। वहां मौजूद साथी जब तक उन्हें अस्पताल ले जाते, वह मर चुके थे। अस्पताल ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: ईरानी बोट से 3,000 करोड़ की ड्रग्स बरामद, 5 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार
पुलिस क्या कर रही है?
पुलिस केस की छानबीन में जुटी है। पुलिस घटना की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है। परविंदर सिंह झोटा खुद वीडियो भी बना रहे थे। सीसीटीवी में भी यह घटना कैद हुई है। दोनों बहस करते नजर आए हैं। घटना के पीछे और कोई पुरानी रंजिश तो नहीं है, पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है। पंजाब में ड्रग के खिलाफ अभियान चलाने वाले लोग दहशत में हैं।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
पंजाब की सियासत में भी इस हत्याकांड की वजह से भूचाल मचा है। शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, 'पंजाब में दिनदहाड़े हत्या हुई है। परविंदर झोटा को गोली मार दी गई। ड्रग डीलर ने उन्हें ऑन कैमरा गोली मारी है। परविंदर सिंह झोटा, मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चला रहे थे।'
उन्होंने भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री के सार्वजनिक समारोहों में भी उनसे चिट्टे को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं। मोहनजीत शेरोन या गुलजार सिंह पंजाब में नशे खे किलाफ आवाजें बुलंद होती जा रही हैं। अब तक ऐसे 5 लोगों को मारा जा चुका है, पंजाब किधर जा रहा है। गुरु दोखी लोग आवाजें दबा रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: ड्रोन से ड्रग्स सप्लाई कर रहे हैं तस्कर, कैसे पूरे नेटवर्क को खत्म करेगी सरकार?
पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमत कौर बादल ने कहा, 'पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं है। पंजाब बूचड़खाना बन गया है, जहां एंटी ड्रग एक्टिविस्ट, बिजनेसमैन, एसआई या आम नागरिकों को दिनदहाड़े मार दिया जा रहा है। गुरुदोखी भगवंत मान ने अपराधियों और ड्रग माफियाओं के सामने सरेंडर कर दिया है। यह पंजाब के खिलाफ युद्ध है।'
'पंजाब में जंगलराज', BJP ने भी घेरा
पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, 'आज मुझे बहुत दुख है कि मानसा में नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे परमिंदर झोटा की सबके सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। यह सरकार पूरी तरह से विफल रही है। यह सब एक मजाक जैसा है और इसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। इसे तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए और मुख्यमंत्री का पद छोड़ देना चाहिए। आज पंजाब में जंगल राज है।'