उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सांसद
रवि किशन
से जलजमाव पर तीखे सवाल पूछने वाले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पार्षद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गोरखपुर में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी बात को लेकर गोरखपुर सांसद रवि किशन और बेतियाहाता मोहल्ले के पार्षद और अधिवक्ता विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन कॉल पर कहासुनी हो गई।
विश्वजीत त्रिपाठी ने कॉल कर सांसद रवि किशन से गोरखपुर में जलजमाव को लेकर तीखे सवाल किए। इससे रवि किशन नाराज हो गए और सवाल किया कि ‘ का हो सपा (समाजवादी पार्टी) ज्वाइन कई लेहला का?' इसपर पलटवार करते हुए पार्षद ने रवि किशन से पूछ लिया कि क्या उन्होंने बसपा (बहुजन समाज पार्टी) ज्वाइन कर लिया है।
यह भी पढ़ें: ड्रग तस्करी रोकने वाला इंस्पेक्टर निकला तस्कर, 3.35 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार
दोनों के बीच हुई तीखी बहस, वीडियो वायरल
गोरखपुर के बेतियाहाता मोहल्ले के पार्षद और अधिवक्ता विश्वजीत त्रिपाठी पहले समाजवादी पार्टी से ही चुनाव जीते थे। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर लिया था। अभी वह बीजेपी में ही हैं। भीषण बारिश के कारण पैदा हुए हालात के बीच उनकी सांसद से कहासुनी हो गई। अब सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा वीडयो वायरल हो रहा है।
जब पार्षद ने तीखे सवाल किए तो इसपर रवि किशन ने उनसे नाराज होकर सवाल किया कि ‘का हो सपा ज्वाइन कई लेहला का?' इसपर जवाब देते हुए पार्षद ने कहा 'कैसी बात कर रहे हैं? हम शहर का हाल बता रहे हैं। आप मुझे सपा ज्वाइन करने की बात कर रहे हैं?' पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी यहीं पर चुप नहीं हुए, बल्कि उन्होंने रवि किशन से यह भी पूछ लिया कि क्या वे बसपा ज्वाइन कर लिए हैं?
जलभराव का जायजा लेते दिखे सांसद रवि किशन
रवि किशन ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'आज महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव जी के साथ तारामंडल स्थित गोरक्ष एन्क्लेव के निकट जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का मौके पर जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं नगर निगम की टीम को जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन हमारी प्राथमिकता है। बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।