बिहार की राजनीति में सोमवार का दिन राष्ट्रीय जनता दल के लिए ठीक नहीं हा। राष्ट्रीय जनता दल की चर्चित महिला नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रितु जायसवाल ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। राजधानी पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रदेश कार्यालय में आयोजित भव्य मिलन समारोह में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
रितु जायसवाल के साथ राष्ट्रीय जनता दल महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रोफेसर राजमणि, भागलपुर की महिला नेता सीमा जायसवाल, युवा राजद की प्रदेश सचिव माया गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हुए। समारोह में बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल सहित बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम को पार्टी ने केवल सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि “विचारधारा से जुड़ने का अभियान” बताया। समारोह के दौरान बीजेपी नेताओं ने इसे बिहार की राजनीति में बदलते जनविश्वास का संकेत करार दिया।
यह भी पढ़ें: बांकीपुर में RJD नहीं, BJP को क्यों हराना चाहते हैं प्रशांत किशोर? समझिए प्लान
'भ्रष्टाचार और परिवारवाद से ऊब चुकी है जनता'
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की जनता अब परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति से ऊब चुकी है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुशासन की राजनीति मजबूत हुई है, जिसके कारण विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता बीजेपी से जुड़ रहे हैं।
संजय सरावग, प्रदेश अध्यक्ष, बिहार बीजेपी:-
उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल सत्ता हासिल करने वाली पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प लेकर चलने वाला संगठन है। बीजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव तक विकास पहुंचाने और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रहे हैं।
महिलाओं के मुद्दे पर बोलते हुए संजय सरावगी ने कहा, 'केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उज्ज्वला योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा, मातृत्व योजनाएं और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने जैसे कदमों ने समाज में बड़ा बदलाव लाया है।'
यह भी पढ़ें: 'लॉ एंड ऑर्डर नहीं, क्रिमिनल डिसऑर्डर चल रहा है', बिहार सरकार पर भड़के तेजस्वी
RJD नेताओं के आने से क्या होगा?
संजय सरावगी ने रितु जायसवाल की राजनीतिक सक्रियता और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके बीजेपी में आने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले समय में बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
रितु जायसवाल के बीजेपी में आने से क्या होगा?
राजनीतिक जानकार इस घटनाक्रम को बिहार की महिला राजनीति और सामाजिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे हैं। खासकर मिथिलांचल और महिला वोट बैंक पर इसका असर पड़ने की चर्चा शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें: नोएडा कांड में RJD की प्रियंका भारती और कंचना यादव कैसे फंस गईं?
रितु जायसवाल, पूर्व आरजेडी नेता:-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, राष्ट्रवादी सोच और विकास की राजनीति से प्रभावित होकर बीजेपी में शामिल होने का निर्णय लिया है। बीजेपी ही वह दल है, जो महिलाओं, गरीबों और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए ईमानदारी से कार्य कर रहा है। अब मेरा लक्ष्य बीजेपी की नीतियों और केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
रितु जायसवाल ने कहा, 'संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा फैलाने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगी। रितु जायसवाल के बीजेपी में शामिल होने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इसे बिहार में आगामी चुनावी रणनीति और दलों के बीच बढ़ती राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से भी जोड़कर देखा जा रहा है।