logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'सत्ता पक्ष के इशारे पर तेजस्वी को निशाना बना रहे पप्पू और PK', RJD ने लगाए आरोप

बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी यादव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज है। RJD नेता एजाज अहमद ने पप्पू यादव और प्रशांत किशोर पर सत्ता पक्ष के इशारे पर बयान देने का आरोप लगाया।

tejashwi yadav and ajaz ahmad

तेजस्वी यादव और एजाज अहमद, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव पर पप्पू यादव और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर लगातार निशाना साध रहे हैं। अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने दोनों के बयानों पर पलटवार किया है। RJD के प्रदेश नेता एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के इशारे पर पप्पू यादव और प्रशांत किशोर तेजस्वी यादव के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं ताकि सरकार की कमियों और जनता से जुड़े मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाया जा सके।

 

अहमद ने पटना में बयान जारी कर कहा, 'जिन लोगों को सत्ता पक्ष से सवाल पूछने में डर लगता है वही लोग भाजपा के इशारे पर तेजस्वी यादव के खिलाफ बयान दे रहे हैं। तेजस्वी यादव लगातार सरकार से सवाल पूछ रहे हैं और उसकी कमियों को सामने ला रहे हैं। ऐसे में इन नेताओं के जरिए इस मुद्दे से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।'

 

यह भी पढ़ें: प्रशांत किशोर की मुसलमानों से अपील- खुद राजनीति में आगे आएं, दूसरे के पीछे न चले

'तेजस्वी ने उठाए जनता के मुद्दे'

अहमद ने कहा, 'पप्पू यादव और प्रशांत किशोर अपने निजी फायदे के लिए ऐसी बातें कर रहे हैं और लोगों का ध्यान भटका रहे हैं ताकि बाद में सरकार से इसकी कीमत वसूल सकें। यही इन दोनों की सोच है और इसी वजह से सत्ता पक्ष के कहने पर पप्पू यादव और प्रशांत किशोर तेजस्वी पर हमलावर हैं। यह बात सभी जानते हैं कि नेता प्रतिपक्ष अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं। वह उन सभी मुद्दों पर सरकार से सवाल कर रहे हैं जिन पर सरकार आम लोगों के बीच काम करती हुई नजर नहीं आ रही है।'

 

RJD नेता ने कहा, 'तेजस्वी ने बिहार की जनता से जुड़े हर मुद्दे पर आवाज उठाई है। चाहे नौकरी और रोजगार का मामला हो, बिहार में बढ़ता अपराध हो या बाढ़ में करीब 45 लाख बाढ़ पीड़ितों को न्याय दिलाने का मामला हो। उन्होंने हर मुद्दे पर लोगों की आवाज उठाने का काम किया है। तेजस्वी के सवालों का सत्ता पक्ष जवाब नहीं दे पा रहा है इसी वजह से सरकार में बेचैनी है। जब सत्ता पक्ष को लगा कि तेजस्वी के सवालों से वह घिर रहा है तो अपने प्रॉक्सी नेताओं को उनके खिलाफ बोलने के लिए लगा दिया गया। ये लोग तेजस्वी के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे समाज में तनाव का माहौल बने लेकिन सत्ता पक्ष यह भूल रहा है कि जिन दो नेताओं को तेजस्वी के खिलाफ बोलने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है उससे सरकार की ही आलोचना हो रही है। लोग अब कहने लगे हैं कि इस तरह के लोग विपक्ष की आवाज को कमजोर करना चाहते हैं।'

 

एजाज ने कहा, 'सरकार घिरने के बाद इन नेताओं के जरिए खुद को बचाने की कोशिश कर रही है लेकिन अब यह सरकार बचने वाली नहीं है। प्रशांत किशोर और पप्पू यादव तेजस्वी के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं जो उचित नहीं है। हम सभी को इस बात पर गर्व है कि लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव लालू के विचारों पर टिके रहकर उनके संकल्पों को आगे बढ़ा रहे हैं। लालू प्रसाद का संकल्प रहा है कि किसी भी कीमत पर उन ताकतों से समझौता नहीं करेंगे जो देश के संविधान और गंगा-जमुनी तहजीब को कमजोर करना चाहते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती में सेटिंग का खेल, 5 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

RJD ने कहा, जनता सब जानती है

एजाज ने कहा, 'लालू ने कभी सत्ता या अपने स्वार्थ के लिए किसी तरह का समझौता नहीं किया। उन्होंने भाजपा, सांप्रदायिक ताकतों और उनका साथ देने वालों को सामने से जवाब दिया और उन्हें बेनकाब किया। इसी वजह से लालू और तेजस्वी को हर तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जो लोग हमेशा समझौते की राजनीति करते रहे हैं वही लोग तेजस्वी के खिलाफ अनाप-शनाप बातें कर रहे हैं। उन्हें बिहार के बाढ़ पीड़ितों और बढ़ते अपराध से कोई मतलब नहीं है। सत्ता पक्ष ने जिस काम के लिए इन लोगों को आगे किया ये उसी हिसाब से काम कर रहे हैं। ये लोग तेजस्वी के विरोध में लगातार अनाप-शनाप बातें कर रहे हैं।'

 

एजाज ने कहा, 'बिहार की जनता ऐसे लोगों को जान और पहचान चुकी है। इन लोगों की राजनीति का एजेंडा ही लालू और तेजस्वी का विरोध करके और उनके खिलाफ बयान देकर अपनी पहचान बनाना है। ऐसे लोगों ने ही सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष ताकतों की धारा को कमजोर करने का काम किया है। जिस सामाजिक न्याय की धारा के नेता पर ये लोग हमला कर रहे हैं वह बिहार की राजनीति की धुरी है। लालू और तेजस्वी के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन को कोई चाहकर भी खत्म नहीं कर सकता चाहे उनके खिलाफ कितनी भी कड़वी बातें कही जाएं। बिहार की जनता लालू के विचारों और तेजस्वी के काम को पसंद करती है। तेजस्वी ने सत्ता में रहते हुए और विपक्ष में रहते हुए भी नौकरी, रोजगार और बिहार की जनता के हित में संघर्ष और आंदोलन किया है। इसी वजह से उन्होंने लोगों के बीच अपनी जगह बनाई है।'


और पढ़ें