बिहार के पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान 'ज्ञान बिंदु' के निदेशक भी शामिल हैं। घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला और बड़ी संख्या में छात्र न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद, प्रिंस गौरव और अभिषेक के रूप में हुई है। तीनों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में भी जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: दो सड़क हादसों में तबाह हुई शख्स की जिंदगी, कोर्ट ने दिलाया 58 लाख का मुआवजा
पटना सिटी की पुलिस अधीक्षक दीक्षा ने बताया कि अब तक 10 से 12 संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है। मामले की सच्चाई जानने के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस हमले के पीछे कोचिंग संस्थानों के बीच चल रही प्रतिद्वंद्विता एक प्रमुख कारण हो सकती है।
फायरिंग के दावे पर पुलिस और खान सर के बयान
घटना के बाद खान सर ने दावा किया कि हमलावरों ने कोचिंग सेंटर के बाहर तोड़फोड़ की, सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की और कई राउंड फायरिंग भी की। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के शर्मा ने कहा कि यह मारपीट और पत्थरबाजी का मामला है। घायल गार्ड का इलाज चल रहा है और उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गार्ड को चोट ईंट-पत्थर लगने से आई है।
यह भी पढ़ें: पूर्णिया: अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस की टीम पर जोरदार हमला, गर्दन में लगा तीर
छात्रों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग सेंटर के बाहर जमा हो गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई। इस बीच JDU के राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि मामले में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।