उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान इन दिनों सुर्खियों में हैं। कोर्ट से राहत मिलने के बाद वह लंबे समय के बाद जेल से बाहर आए हैं। इस बीच वह एक बार फिर से राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। वह ऐसे समय में जेल से बाहर आए हैं जब समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। जेल से रिहाई के बाद रामपुर पहुंचे आजम खान ने आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर ऐसा जवाब दिया है, जिसने उनके चुनाव लड़ने की अटकलों को हवा दे दी है। उन्होंने साफ कहा कि कोई माई का लाल उन्हें चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकता है।
रामपुर में मीडिया से बात करते हुए आजम खान ने चुनाव लड़ने के सवाल पर जवाब दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा, 'कौन माई का लाल मुझे चुनाव लड़ने से रोक सकता है? मेरी साइकिल चुनाव लड़ेगी, साइकिल जीतेगी।'
यह भी पढ़ें: '2 मीटिंग में हो जाएगा गठबंधन', 26 सीटें देने वाली बात पर कांग्रेस ने क्या कहा?
कार्यकर्ताओं के बारे में क्या बोले?
आजम खान ने कहा कि मेरा चुनाव मेरी साइकिल है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बारे में बात करते हुए कहा, 'समाजवादियों का दायरा बहुत छोटा है। उन्हें साइकिल के अलावा कुछ दिखाई ही नहीं देता। ये लोग कार, हेलीकॉप्टर या हवाई जहाज के बारे में सोचते तक नहीं हैं।'
हाल ही में जेल से बाहर आए
गौरतलब है कि आजम खान हाल ही में गाजियाबाद की डासना जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा होकर रामपुर पहुंचे हैं। उनकी रिहाई के बाद से ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी सक्रियता और आगामी चुनाव में भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। रामपुर पहुंचने के बाद उन्होंने 2027 के चुनाव को लेकर कहा था कि इस बार चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा। अभी तक समाजवादी पार्टी या आजम खान की ओर से चुनाव लड़ने पर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। हालांकि, उनके चुनाव लड़ने पर कानूनी पेच फंस सकता है।