उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशे की लत का शिकार एक बेटा सोमवार यानी 14 जुलाई को अपने पिता से बहस करता है और यह बहस झड़प में बदल जाती है। इसी झड़प में गोली लगने से बेटे की मौत हो गई है। आपसी विवाद में हुई इस हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस ने इस अपराध में इस्तेमाल की गई बंदूक भी बरामद कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्यवाही कर रही है।
यह घटना शाहजहांपुर के तिलहर कस्बे के निजामगंज इलाके की है। पुलिस के अनुसार, यह दुखद घटना सोमवार रात को हुई, जब पिता-बेटे के बीच तीखी नोकझोंक ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस अधीक्षक दीक्षा भवारे ने मीडिया को बताया कि हर्षवर्धन लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था। उसने अपने पिता पर हथौड़े से हमला करने की कोशिश की और इसके बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। पिता ओमकार गंगवार की गोली से बेटे हर्षवर्धन की मौत हो गई।
यह भी पढ़ेंः स्पेस स्टेशन से क्या लेकर लौट रहे शुभांशु शुक्ला? सब जान लीजिए
पिता ने डराने के लिए निकाली बंदूक
न्यूज ऐजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बेटे ने अपने पिता को हथौड़े से मारने की कोशिश की थी। उससे पहले ही पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर बेटे को डराने की कोशिश की लेकिन झड़प में उसकी बंदूक से गोली चल गई और वह गोली हर्षवर्धन को लग गई। गोली लगने के बाद हर्षवर्धन लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की गिरफ्त में पिता
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हर्षवर्धन की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले में आगे की कार्यवाही शुरू कर दी। इस वारदात के बाद से इलाके में डर का माहौल है। पुलिस ने कहा, 'पिता ने गुस्से में बंदूक निकाली थी लेकिन झड़प में बंदूक से गोली चल गई। गोली हर्षवर्धन को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।'
पुलिस के अनुसार, हर्षवर्धन को नशे की लत थी और वह आए दिन अपने परिवार में झगड़ा और तोड़फोड़ करता रहता था। रात में उसने अपने परिवार पर छेनी और हथौड़े से हमला करने की कोशिश की थी। पुलिस ने कहा कि घर वालों और आसपास के लोगों ने अभी यही जानकारी दी है। बाकी मामले में जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।