उत्तर प्रदेश के शामली के दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक एक बार फिर चर्चा में हैं। कुछ हफ्ते पहले उन्होंने कहा था कि उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम मोहम्मद अली रख लिया है। अब आयुष ने दोबारा हिंदू धर्म अपना लिया है। परिवार की ओर से जारी वीडियो में वह अपने माता-पिता के साथ पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दाढ़ी और बाल कटवाने के बाद उनका नया लुक भी दिखाई दे रहा है।
वीडियो में आयुष अपनी मां के नाम एक लिखित संदेश पढ़ते दिखाई देते हैं। इसमें वह कहते हैं कि उन्होंने पहले इस्लाम धर्म अपनाया था लेकिन परिवार की तकलीफ देखकर अपनी इच्छा से दोबारा अपने पुराने धर्म में लौटने का फैसला किया है। उन्होंने माता-पिता से माफी मांगते हुए कहा कि वह अब उनके प्यार और आशीर्वाद के साथ अपना जीवन बिताना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: 'खाना बनाना नहीं आता, बस वीडियो बनाता था', कुक के आरोपों पर शशांक सिंह का जवाब
वीडियो में पूजा-अर्चना करते दिखे आयुष
परिवार की ओर से जारी वीडियो में आयुष अपने घर के मंदिर में पूजा और आरती करते दिखाई दे रहे हैं। उनके पिता देवराज मलिक ने वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा कि बेटे का फिर से सनातन परंपराओं और वैदिक मूल्यों से जुड़ना पूरे परिवार के लिए खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि उनके लिए सनातन केवल धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है, जो संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ा है।
यह भी पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड: जेल में बंद सिया, वकील ने भाई को क्यों भेजा नोटिस?
कैसे विवादों में आए थे आयुष मलिक?
आयुष मलिक ने कुछ समय पहले इस्लाम धर्म अपनाया था और चांदनी कुरैशी से शादी की थी। 8 जून को ईद की नमाज अदा करते हुए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद कई हिंदू संगठनों ने विरोध जताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश गैरकानूनी धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। चांदनी कुरैशी और उनके पिता को गिरफ्तार किया गया। आयुष के परिवार ने आरोप लगाया कि उन्हें साजिश के तहत धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया ताकि परिवार की संपत्ति पर कब्जा किया जा सके। इस संबंध में चांदनी समेत आठ नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई।
यह भी पढ़ें: 'पति दाढ़ी नहीं रखेगा, पत्नी रील नहीं बनाएगी', टूटने वाला रिश्ता इसी शर्त पर बचा
हालांकि, विवाद सामने आने से पहले आयुष ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म अपनाया था। उनका कहना था कि बचपन से ही उनका झुकाव इस्लाम की ओर था और करीब चार साल पहले उन्होंने धर्म परिवर्तन किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि चांदनी से शादी भी उनकी अपनी मर्जी से हुई और दोनों बालिग होने के कारण अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं।