पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दुकान पर झालमुड़ी खाई थी जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था। अब इसी वीडियो की वजह से झालमुड़ी विक्रेता विक्रम साओ की जान आफत में पड़ गई है। विक्रम ने बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
विक्रम साओ ने शुक्रवार 22 मई को बताया कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश से धमकियां आ रही हैं। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से कॉल करके उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी जा रही है। विक्रम ने बताया कि उन्हें एक वीडियो कॉल आया था जो एक ग्रुप कॉल थी और उसमें कई लोग हथियार दिखाकर उन्हें डरा रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि उन लोगों ने क्या कहा तो उन्होंने बताया कि वे बहुत डर गए थे और उन्होंने तुरंत फोन काट दिया था।
यह भी पढ़ें: सोना पप्पू और शांतनु सिन्हा के ठिकानों पर ED ने मारा छापा, क्या है मामला?
उन्होंने आगे बताया कि उसके बाद उन्हें बांग्लादेश से भी कॉल आने लगे, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकियां और बहुत गालियां दी गईं। कॉल करने वाले उनसे पूछ रहे हैं कि क्या तुम अभी जिंदा हो? विक्रम के मुताबिक उन्हें ऑडियो कॉल करके भी धमकियां दी जा रही हैं। उन्हें बहुत सारी कॉल आ रही हैं लेकिन अब वह उन्हें रिसीव नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा उन्हें व्हाट्सएप पर भी मैसेज भेजकर धमकियां दी जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: सोना पप्पू और शांतनु सिन्हा के ठिकानों पर ED ने मारा छापा, क्या है मामला?
सुरक्षा के लिए मिले दो जवान
विक्रम साओ का कहना है कि मेरी जान को खतरा है। प्रशासन को जानकारी देने के बाद सुरक्षा में 2 जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप मैसेज में लिखा है कि 'तुम मेरे टारगेट पर हो और तुम्हारे घर को बम से उड़ा देंगे।' विक्रम ने कहा कि वह इन धमकियों से बहुत डरे हुए हैं और उन्हें अब घर जाते समय भी डर लगता है। उन्होंने कहा कि घर चलाने वाला मैं अकेला ही हूं, इसलिए अब मेरी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की है।