logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सड़क पर नोट फेंककर पुलिस को चमकाना पड़ा भारी, एनकाउंट के बाद ड्रग तस्कर गिरफ्तार

सोनभद्र में पुलिस से बचने के लिए बदमाशों ने भागते हुए सड़क पर 100-100 रुपये के नोट उड़ाए। पुलिस ने पीछा जारी रखा और मुठभेड़ के बाद नशीले सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

AI Generated Image

प्रतीकात्मक तस्वीर, AI Generated Image

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस से बचने के लिए ड्रग्स बेचने वाले तस्करों ने अपनी तेज रफ्तार कार से सड़क पर 100-100 रुपये के नोट फेंककर ध्यान भटकाने की कोशिश की। उन्हें लगा कि पुलिस पैसे बटोरने के चक्कर में रुक जाएगी लेकिन तस्करों का यह दांव नाकाम रहा। पुलिस ने बिना रुके उनका पीछा जारी रखा और एक मुठभेड़ के बाद एक तस्कर को पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 58.75 लाख रुपये के ड्रग्स और दूसरा सामान बरामद किया है।

 

यह घटना रविवार और सोमवार की बीच रात की है। सोनभद्र में एक हाईवे पर पुलिस गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एसपी अभिषेक वर्मा के मुताबिक, पुलिस ने एक होंडा सिटी कार को रुकने का इशारा किया लेकिन कार ड्राइवर ने इस बात को अनदेखा किया और गाड़ी रोकने के बजाय उसकी स्पीड बढ़ा दी और वहां से भागने लगा। इसके बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने तुरंत उस कार का पीछा करना शुरू कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: भाभी ने बदमाशों से कराई ननद की हत्या, फिर लगा दिया बुर्के वाले चोरों का नाम

 

भागने के वजह से इन लोगों ने एसओजी की सरकारी गाड़ी और एक दूसरे के गाड़ी को भी टक्कर मार दी। इससे दोनों गाड़ियां खराब हो गई। इसी बीच प्रदीप कुमार मोदनवाल नाम के एक लोकल आदमी ने पुलिस की मदद के लिए अपनी कार दे दी। इसके बाद पुलिस ने फिर से आरोपियों का पीछा शुरू किया। जब इन्हें लगा कि पुलिस उनका पीछा नहीं छोड़ रही है तो उन्होंने पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए चलती कार की खिड़की से 100-100 रुपये के नोट सड़क पर फेंकने शुरू कर दिए। पुलिस टीम ने नोटों पर बिलकुल ध्यान नहीं दिया और पीछा जारी रखा।

पुलिस की घेराबंदी

आखिर में पुलिस ने चोपन इलाके में उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा देख कार सवार लोगों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग की जिससे पंजाब के लुधियाना का रहने वाला 27 साल का प्रिंस घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया।

 

यह भी पढ़ें: 'मुझे तो सेंट्रल जेल देखनी है...', पत्नी पर कट्टा तान देने वाले शख्स का कबूलनामा

लाखों के माल की बरामदगी

गाड़ी की तलाशी में 3 किलोग्राम अफीम और 225 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब 49 लाख रुपये है। पुलिस ने होंडा सिटी कार, 50 हजार रुपये, एक देसी कट्टा और एक खोखा बरामद किया है। पूरी बरामदगी की कीमत 58.75 लाख रुपये की गई है। पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि वह झारखंड से पंजाब तक नशीले चीजों की तस्करी में शामिल रहा है और पहले भी कई बार ऐसे माल पहुंचा चुका है। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई के लिए एसओजी टीम को 20 हजार रुपये और अपनी गाड़ी देने वाले प्रदीप कुमार मोदनवाल को 10 हजार रुपये इनाम के तौर पर देने की घोषणा की। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है।


और पढ़ें