logo

मूड

ट्रेंडिंग:

भारत-नेपाल सीमा पर सोमाली नागरिक गिरफ्तार, 2020 में ही एक्सपायर हो चुका पासपोर्ट

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने एक सोमाली नागरिक को पकड़ा है। उसके पास 2020 में एक्सपायर हो चुका पासपोर्ट था और वह नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था। 

AI generated image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान अफ्रीकी देश सोमालिया निवासी काफी अली हसी के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में खुद को हैदराबाद के निजाम कॉलेज का छात्र बताया है। उसके पास से 25 हजार रुपये भारतीय करेंसी, मोबाइल और माइक्रोफोन भी बरामद हुआ है। युवक का पासपोर्ट 2020 से एक्सपायर पाया गया है। घटना के बाद सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियां उसके भारत में आने, रुकने और नेपाल जाने के मकसद की जांच कर रही हैं।

 

यह कार्रवाई झरोखर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को सीमा पर स्तंभ संख्या 353 के पास एक संदिग्ध विदेशी नागरिक देखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर नाका कमांडर सतीश कुमार यादव को अलर्ट किया गया। सुबह करीब 6 बजे बैघनाथपुर गांव के बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध युवक घूमता दिखाई दिया। जवानों ने उसे रोका और पूछताछ की। वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। तलाशी में उसके पास से भारतीय करेंसी और मोबाइल मिला।पूछताछ में उसने अपना नाम काफी अली हसी बताया। पुलिस का कहना है कि वह वैधनाथपुर रोड के रास्ते नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसे पकड़ लिया गया।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में 15 अक्टूबर से शुरू होगा खनन, 44 ब्लॉकों से बढ़ेगी कमाई

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हैदराबाद के निजाम कॉलेज का छात्र है। यह कॉलेज उस्मानिया विश्वविद्यालय से संबद्ध है लेकिन जब उससे पासपोर्ट मांगा गया तो उसने मोबाइल में पासपोर्ट की फोटो दिखाई। जांच में पासपोर्ट की वैधता 2020 में ही समाप्त पाई गई। उसके पास न तो वैध वीजा था और न ही कोई अन्य दस्तावेज। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों का शक और गहरा गया। उसे तुरंत हिरासत में लेकर झरोखर थाना लाया गया। आरोपी ने बताया कि नेपाल में एक व्यक्ति से उसकी बात हुई थी। उस व्यक्ति ने उसे नेपाल के रास्ते सोमालिया भेजने का भरोसा दिया था। इसी लालच में वह सीमा तक पहुंचा था।

दिल्ली में भी रहा है दो साल

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब दो साल से दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में रह रहा था। वहां वह क्या काम करता था और किस तरह रह रहा था इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि वह दिल्ली से मोतिहारी कैसे पहुंचा, रास्ते में किन लोगों से मिला और नेपाल में उससे संपर्क करने वाला व्यक्ति कौन है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह भारत में कब और कैसे आया और पासपोर्ट 2020 में एक्सपायर होने के बाद इतने समय तक कहां-कहां रहा।

 

एजेंसियां नेपाल जाने के उसके मकसद और हैदराबाद में पढ़ाई करने के दावे की भी जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसका किसी तस्करी या दूसरे नेटवर्क से संबंध तो नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी, स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम उससे पूछताछ कर रही है। झरोखर थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: सावन की सोमवारी पर बड़ा हादसा, गंगा में डूबीं 7 बच्चियां, 2 की मौत, 2 लापता

नेपाल सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी

सोमाली नागरिक के पकड़े जाने के बाद भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी गई है। एसएसबी के जवानों को अलर्ट पर रखा गया है। स्तंभ संख्या 353 से लेकर आसपास के गांवों में गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नेपाल सीमा का इस्तेमाल तस्कर और अवैध प्रवासी अक्सर करते हैं। ऐसे में हर संदिग्ध पर नजर रखी जा रही है। सबसे अहम कड़ी हैदराबाद कनेक्शन है। 

 

एजेंसियां उस्मानिया विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन से संपर्क कर उसकी पढ़ाई और उपस्थिति का रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। साथ ही दिल्ली पुलिस से भी जानकारी मांगी गई है कि मालवीय नगर में वह किस पते पर रहता था। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के बाद कई और खुलासे हो सकते हैं। 


और पढ़ें