संजय सिंह, पटना। बिहार के नालंदा जिले के भागनबिगहा ओपी क्षेत्र स्थित तूफानगंज गांव में बुधवार को एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। जिस बेटे को पिता ने गोद में खिलाया, उसी बेटे ने पहले आदर से प्रणाम किया। बातचीत के बहाने सुनसान जगह पर बुलाया और सीने में गोली उतार दी। गोली लगते ही पिता जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय बच्चू पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक आरोपी बड़ा बेटा अजब पासवान घटना के बाद से फरार है।
पिताजी! जरा चलिए… और फिर चली गोली
परिजनों ने बताया कि आरोपी बुधवार को अचानक घर पहुंचा। उसने सामान्य तरीके से पिता से बातचीत की और फिर प्रणाम कर उन्हें अलग ले गया। परिवार वालों को लगा कि शायद कोई जरूरी बात करनी होगी, लेकिन कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज ने पूरे गांव को दहला दिया। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो बच्चू पासवान खून से लथपथ पड़े थे, जबकि आरोपी वहां से भाग चुका था। आनन-फानन उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: 'सरकार को उखाड़ना, शरिया कानून लागू करना', लाल किला धमाके में कई खुलासे
दो शादियां, बंटवारा और बढ़ता तनाव
मृतक के बेटे जितेंद्र पासवान ने पुलिस को बताया कि बच्चू पासवान की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से आरोपी अजब पासवान था। करीब 25 साल पहले पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद बच्चू पासवान ने दूसरी शादी गुलाबी देवी से की। दोनों के दो बेटे और दो बेटियां हैं। परिवार में लंबे समय से संपत्ति के बंटवारे पर विवाद चल रहा था। बंटवारे में आरोपी अजब पासवान को मकान मिला था, जबकि दूसरी पत्नी और उनके बच्चों के हिस्से जमीन आई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी इसी फैसले से नाराज था और अंदर ही अंदर गुस्सा पाले था। बंटवारे के बाद वह पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के नटेर गांव में रहने लगा। हालांकि विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।
गांव में दहशत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद तूफानगंज गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस बात से स्तब्ध हैं कि एक बेटा इतनी बेरहमी से अपने पिता की हत्या कैसे कर सकता है।
यह भी पढ़ें: 'यह स्वीकार नहीं,' जहाज 'हाजी अली' पर ड्रोन अटैक पर भड़का भारत
पुलिस क्या कह रही है?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी टू संजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुत्र द्वारा गोली मारकर हत्या करने का सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।