logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पत्नी से विवाद पड़ा भारी, SP भानु प्रताप का ट्रांसफर; पुलिस मुख्यालय भेजे गए

बिहार सरकार ने भानु प्रताप सिंह समेत 5 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। पत्नी के साथ विवाद की वजह से चर्चा में रहे भानु प्रताप सिंह को बिहार पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया है।

एसपी भानु प्रताप सिंह की तस्वीर

एसपी भानु प्रताप सिंह, फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह का ट्रांसफर कर दिया गया है। राज्य सरकार ने उन्हें खगड़िया के एसपी पद से हटाकर बिहार पुलिस मुख्यालय (पटना) में तैनात किया है। भानु प्रताप सिंह 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। हाल ही में वह पत्नी के साथ विवाद की वजह से चर्चा में रहे थे। भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने उन पर प्रताड़ना, मारपीट और बेटी से दूर रखने का आरोप लगाया था। बीते 1 नवंबर को वह मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर अपनी समस्या सुना चुकी हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने पति और ससुराल वालों के खिलाफ पटना स्थित थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। भानु प्रताप समेत कुल 5 IPS अफसरों का ट्रांसफर किया गया है।

 

बिहार सरकार ने भानु प्रताप सिंह के अलावा चार और आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। विशेष सशस्त्र दल में तैनात अपराजित लोहान को राज्यपाल का एडीसी नियुक्त किया गया है। शिवहर के पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया है। मोहीबुल्लाह अंसारी को शिवहर का एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, ममता कल्याणी को विशेष सशस्त्र दल में अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

पत्नी के साथ विवाद, अब गिरी गाज

भानु प्रताप सिंह को फिलहाल किसी जिले की कमान नहीं दी गई है। उन्हें मुख्यालय से अटैच किया गया है। अधिसूचना में तबादले की वजह के रूप में पारिवारिक विवाद का जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि पत्नी के लगातार धरने, शिकायत और मामला सुर्खियों में आने के बाद ही यह कार्रवाई हुई है। भानु प्रताप सिंह की जगह शिवहर के एसपी शैलेंद्र सिंह को खगड़िया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। शैलेंद्र भी 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें तुरंत खगड़िया में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

 

वहीं, मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी को शिवहर का नया एसपी बनाया गया है। 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी अपराजित लोहान का तबादला राज्यपाल सचिवालय में राज्यपाल के परिसहाय (पुलिस) के पद पर किया गया है। इसके अलावा आईपीएस कुमारी ममता को बीएमपी-16 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर बने अब्दुल अल-सैयद का भारत से क्या है कनेक्शन?

क्या है पूरा विवाद?

भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच पिछले कई महीनों से पारिवारिक विवाद चल रहा है। दोनों ने 16 जनवरी 2016 को प्रेम विवाह किया था। उस समय भानु प्रताप दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। पूजा का दावा है कि उन्होंने प्राइवेट स्कूल में शिक्षक की नौकरी कर घर का खर्च चलाया और पति की पढ़ाई में आर्थिक मदद की। पूजा का आरोप है कि 2021 में भानु प्रताप के आईपीएस बनने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आ गया। रिश्तों में दूरियां बढ़ने लगीं और विवाद बढ़ता गया।

 

पूजा का सबसे बड़ा आरोप है कि उन्हें अपनी 6 साल की बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि ससुर और ननद घुमाने के बहाने बेटी को ले गए थे और पिछले 8-9 महीनों से उन्हें बेटी से मिलने और बात करने तक नहीं दिया जा रहा है। पूजा ने पति भानु प्रताप सिंह, ससुर, ननद और ननदोई पर प्रताड़ना, मारपीट, जबरन तलाक का दबाव बनाने और बेटी से दूर रखने का आरोप लगाया है।

 

यह भी पढ़ें: जहानाबाद: शहर के 7 होटलों में छापेमारी, 25 लोग हिरासत में, देह व्यापार का शक

सीएम आवास पहुंचीं पूजा सिंह

न्याय की मांग को लेकर पूजा सिंह ने 1 नवंबर को पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर 6 साल की बच्ची से मिलाने की गुहार लगाई। 2 नवंबर की रात वह पटना के महिला थाने पहुंचीं और पति व ससुराल वालों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। इसके बाद 3 नवंबर को वह खगड़िया स्थित एसपी आवास के बाहर भी धरने पर बैठीं। आवास में प्रवेश नहीं मिलने पर उन्होंने वहां भी विरोध जताया। पूजा पुलिस मुख्यालय में वरीय अधिकारियों से भी गुहार लगा चुकी हैं। पुलिस मुख्यालय में दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। 

पूजा ने बार-बार कहा है कि वह तलाक नहीं चाहतीं। वह पति और बेटी के साथ रहना चाहती हैं। उनका कहना है, 'मुझे तलाक नहीं चाहिए, मुझे मेरा परिवार चाहिए। मुझे मेरी बेटी से मिला दीजिए।'

भानु प्रताप को महिला आयोग का समन

बिहार राज्य महिला आयोग ने भी 26 अक्टूबर को ही इस मामले पर संज्ञान लेते हुए भानु प्रताप सिंह को समन जारी कर जवाब मांगा था। बताया जा रहा है कि पत्नी की शिकायत पर अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


खगड़िया एसपी के तबादले की खबर के बाद पूरे जिले में चर्चा का माहौल है। पुलिस महकमे में भी इस तबादले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि एक एसपी का पारिवारिक विवाद इस तरह सड़क पर आना पुलिस की छवि के लिए ठीक नहीं है। फिलहाल भानु प्रताप सिंह को पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया है। अब देखना होगा कि पत्नी की शिकायत पर आगे क्या कार्रवाई होती है और क्या परिवार फिर से एक हो पाता है।


और पढ़ें