उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह 'ज्ञानू' की 35वीं पुण्यतिथि पर रविवार को छात्रसंघ भवन परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस मौके पर पूर्व और वर्तमान छात्र नेताओं के साथ कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। सभी ने छात्रसंघ भवन परिसर में स्थापित ज्ञानू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में ज्ञानू के संघर्षों और छात्रहितों के लिए उनके योगदान को याद किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग भी जोरदार तरीके से उठी। 35 साल बाद भी ज्ञानू की हत्या का रहस्य पूरी तरह नहीं सुलझ सका है। उनकी याद में विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित प्रतिमा आज भी छात्र राजनीति के संघर्ष और बलिदान की कहानी बयां करती है।
ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह 'ज्ञानू' की कहानी सिर्फ एक छात्र नेता की पुण्यतिथि तक सीमित नहीं है। 22 नवंबर 1991 की शाम लखनऊ के आईटी चौराहे पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय वह लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष थे। प्रत्यक्षदर्शियों और उस समय की घटनाओं से जुड़ी रिपोर्टों के मुताबिक, ज्ञानू अपने साथी हरिश्चंद्र सिंह के साथ स्कूटर से आईटी चौराहे स्थित बंगाली दादा की मिठाई की दुकान के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से वहां मौजूद तीन-चार युवक उनके पास आए। बताया जाता है कि हमलावरों ने पहले पैर छुए और फिर अचानक पिस्टल निकालकर गोलियां चला दीं। ज्ञानू को चार गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद हरिश्चंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हुए थे।हत्या की खबर विश्वविद्यालय परिसर और छात्रावासों में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में छात्र आईटी चौराहे की तरफ पहुंचने लगे। हालात बिगड़ने की आशंका के चलते पुलिस ने आईटी से हजरतगंज तक बाजार बंद करवाए और विश्वविद्यालय मार्ग पर आवागमन रोक दिया था। उस समय पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हत्या के बाद छात्रों के आक्रोश को संभालना भी था।इस हत्याकांड में पुलिस ने हरिश्चंद्र सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था और कुछ लोगों को नामजद कर गिरफ्तार भी किया गया।
समर्थकों ने दिया था शहीद का दर्जा
ज्ञानू की हत्या के बाद भी विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में उनका नाम और प्रभाव बना रहा। समर्थकों ने छात्रसंघ भवन परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित कराई। छात्र उन्हें शहीद के रूप में याद करते हैं और हर वर्ष 22 नवंबर को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। ज्ञानू 1990-91 में लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए थे और हबीबुल्लाह छात्रावास में रहते थे। छात्रहितों के लिए संघर्ष करने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान आज भी पुराने और नए छात्र नेताओं के बीच बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: 3 शादियां, लाखों की लूट और चौथा शिकार, कानपुर में पकड़ी गई लुटेरी दुलहन
छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग, वक्ताओं ने याद किया पुराना दौर
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और नेतृत्व तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच हैं। छात्रसंघ चुनाव बंद होने से छात्रों की समस्याओं को मजबूती से उठाने वाला एक महत्वपूर्ण मंच कमजोर हुआ है। कार्यक्रम में छात्रसंघ चुनाव दोबारा शुरू कराने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि ज्ञानू जैसे छात्र नेताओं के संघर्ष को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब विश्वविद्यालयों में छात्रहितों की आवाज बुलंद करने वाली लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी।
शिया डिग्री कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और वरिष्ठ छात्र नेता चचा अमीर हैदर ने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वह छात्रहितों के लिए आज भी युवा बनकर संघर्ष करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में जिस तरह छात्रों के हितों के लिए काम करने की लालसा थी, वह आज भी उनके भीतर कायम है। कार्यक्रम में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों और वरिष्ठ छात्र नेताओं ने भी ज्ञानू के व्यक्तित्व, संघर्ष और छात्र राजनीति के पुराने दौर को याद किया।
कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक पहुंचे
कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष
मनोज तिवारी
, प्रमोद तिवारी, बजरंगी सिंह 'बज्जू', शिया कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष चचा अमीर हैदर, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कमलेश प्रताप सिंह चौहान, प्रदीप सिंह 'बब्बू', अमरपाल सिंह, केकेबी के पूर्व अध्यक्ष अवधेश यादव, संजय शुक्ला, वेदांत कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष रोहित आनंद, पूर्व महामंत्री उदय प्रताप सिंह और केकेबी के पूर्व उपाध्यक्ष संजीव सिंह चौहान सहित कई पूर्व छात्र नेता मौजूद रहे।इसके अलावा लूटा अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेंद्र शुक्ला, बीके सिंह 'बिरजू', राजेंद्र विक्रम सिंह 'बच्चू दादा', उपेंद्र सिंह, प्रो. वाईपी सिंह, योगेंद्र सिंह, आदित्य विक्रम सिंह, पूर्व छात्र नेता रमेश सिंह, ओंकार सिंह, अधिवक्ता अनीता अग्रवाल, प्रो. अविनाश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और छात्रावासों के अंतःवासी शामिल हुए।कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री अनिल सिंह 'बीरू' ने किया, जबकि संचालन वरिष्ठ छात्र नेता अंशू अवस्थी ने किया। अंत में छात्रसंघ समन्वयक प्रो. महेंद्र अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: दलित वोटों पर नजर या अखिलेश यादव को सियासी संदेश?
दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के समापन के बाद 70 के दशक के पूर्व छात्र नेता और बाराबंकी नगर पालिका अध्यक्ष रंजीत श्रीवास्तव तथा हबीबुल्लाह छात्रावास के पूर्व अंतःवासी राजेश प्रताप सिंह के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।ज्ञानू की 35वीं पुण्यतिथि पर एक बार फिर विश्वविद्यालय परिसर में छात्र राजनीति के पुराने संघर्षों की चर्चा हुई। एक तरफ उनकी हत्या की यादें ताजा हुईं तो दूसरी तरफ छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग ने यह सवाल भी खड़ा किया कि क्या विश्वविद्यालयों में फिर से छात्र राजनीति का पुराना लोकतांत्रिक स्वरूप लौटेगा।