बिहार के सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में परसरमा पंचायत के तेलयारी टोला में 7 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई है। गुरुवार शाम घर के पास से लापता हुई बच्ची का शव देर रात खेत में मिला। इस घटना के बाद से गांव में तनाव है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। कोसी क्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बच्ची गुरुवार शाम करीब 6 बजे परसरमा पंचायत के तेलयारी टोला स्थित अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजन की खोजबीन के बाद देर रात गांव के पास खेत में उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: जमानत से हत्या तक, कैसे POCSCO के आरोपी ने मचाया कत्ल-ए-आम? इनसाइड स्टोरी
गांव में गम का माहौल
शुक्रवार सुबह जब शव गांव लाया गया तो परिवार और गांव वाले गुस्से में सड़क पर उतर आए। वे लोग कातिलों को पकड़ने की मांग करने लगे। गांव के हालात को देखते हुए एसडीपीओ राजीव रंजन और पुलिस इंचार्ज रामसेवक रावत की देखरेख में भारी पुलिस बल गांव में लगा दिया गया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। अफसरों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
डीआईजी शुक्रवार को भारी बारिश के बावजूद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने बच्ची की मां और घर वालों को हिम्मत बंधाई। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की पूरी तरह जांच करेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने परिवार को सरकार की तरफ से मदद दिलाने का भी वादा किया। अफसरों के समझाने पर गांव वाले शांत हुए और बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के समय लोग बच्ची की फोटो लेकर 'न्याय दो' के नारे लगा रहे थे।
यह भी पढ़ें: बिहार में बनेंगे 1 करोड़ नए राशन कार्ड, आखिर क्या है सरकार का प्लान?
पुलिस की जांच
एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस हर तरह से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है और जिन लोगों पर शक है, उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इस मामले का सच सामने आ जाएगा। पुलिस ने गांव वालों से कहा है कि अगर आपको कुछ भी पता चले तो हमें बताएं। उनका नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।