संजय सिंह, पटना। मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर की गई एक कथित आपत्तिजनक पोस्ट ने विवाद खड़ा कर दिया। पूरा मामला जिले के नगर विधायक रंजन कुमार से जुड़ा है। फेसबुक पोस्ट के विरोध में विधायक अपने समर्थकों के साथ युवक के घर पहुंचे। उन पर युवक को धमकाने का आरोप है। अब मामला थाने तक पहुंच गया है। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में इसकी खूब चर्चा है।
बताया जा रहा है कि विधायक के खिलाफ फेसबुक पर लगातार भ्रामक और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं। इसी के विरोध में विधायक अपने समर्थकों के साथ कथित पोस्ट करने वाले युवक के घर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिख रही है।
यह भी पढ़ें: SIR में निभाई अहम भूमिका, अब बने सुवेंदु के सलाहकार; कौन हैं सुब्रत गुप्ता?
विधायक बोले- छवि खराब करने का प्रयास
नगर विधायक रंजन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक का कहना है कि युवक फेसबुक के माध्यम से लगातार उनकी और विधानसभा क्षेत्र-94 की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है। आरोप है कि बीती रात भी उनकी तस्वीर लगाकर सोशल मीडिया पर ऐसा पोस्ट किया गया, जिसका उद्देश्य चरित्र हनन करना था।
विधायक का कहना है कि स्थानीय लोगों और परिचितों ने शख्स को पहले भी कई बार समझाया। लेकिन वह लगातार आपत्तिजनक बातें लिखता रहा। विधायक का कहना है कि इसी सिलसिले में वह कुछ समर्थकों और मोहल्ले के लोगों के साथ युवक के घर पूछताछ करने गए थे।
युवक पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप
घटना ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब दूसरे पक्ष ने विधायक समर्थकों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया। पीड़ित पक्ष ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने घर पर हंगामा किया और मारपीट की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय लोगों की पहल पर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: विजय ने तोड़ी शपथ समारोह की परंपरा? 'वंदे मातरम्' बजने पर CPI ने उठाए सवाल
दूसरे युवक पर भी केस दर्ज कराने की मांग
विधायक ने एक अन्य आवेदन में पताही जगन्नाथ निवासी ठाकुर दिव्य प्रकाश पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बीते एक वर्ष से फेसबुक के जरिए लगातार उनके खिलाफ भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट किए जा रहे थे। विधायक के अनुसार चुनाव के दौरान भी सोशल मीडिया पर कई ऐसे पोस्ट किए गए, जिनसे उनकी राजनीतिक और व्यक्तिगत छवि प्रभावित हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियों से उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ा और राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
दोनों मामलों में विधायक ने पुलिस प्रशासन से संबंधित फेसबुक अकाउंट्स की जांच कराने और आईटी एक्ट सहित अन्य कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों से आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है।