पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ऐतिहासिक जीत के जश्न के बीच हिंसा की एक सनसनीखेज वारदात ने राज्य को दहला दिया है। उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में BJP के कद्दावर नेता और नवनिर्वाचित सरकार के प्रमुख चेहरे सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन्हें बेहद करीब से निशाना बनाया और तीन गोलियां चलाईं, जो सिर, छाती और पैर में लगीं। यह घटना उस समय हुई जब राज्य में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के बाद राजनीतिक माहौल पहले से ही तनावपूर्ण बना हुआ है। चुनाव में BJP ने 294 में से 207 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की थी, जिसके बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन भी हुआ है।
यह भी पढ़ें: SIR नहीं 'तीसरे' ने बंगाल में कर दिया खेल, 82 सीटों के नतीजे दे रहे गवाही
चंद्रनाथ की मौके पर मौत
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावर अचानक पहुंचे और चंद्रनाथ पर बेहद नजदीक से फायरिंग कर दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद माध्यमग्राम और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। लोग इस वारदात को लेकर भयभीत हैं। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: अल्पसंख्यक वोटों के बिखराव से TMC को लगा झटका, BJP को कैसे मिली बढ़त?
बंगाल में 9 मई को BJP सरकार का शपथ ग्रहण
पश्चिम बंगाल में पहली बार BJP की सरकार 9 मई को शपथ लेने जा रही है। यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह समेत कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। सबसे आगे सुवेंदु अधिकारी का नाम बताया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और स्वपन दासगुप्ता के नाम भी मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल हैं।