उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सरकारी विद्यालय में तैनात 32 वर्षीय शिक्षक ने अपने पिता से वीडियो कॉल पर बातचीत करने के कुछ ही मिनट बाद फांसी लगाकर जान दे दी। जिस घर में एक-दो दिन बाद गृह प्रवेश की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना के समय शिक्षक घर में अकेले थे जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे लखनऊ में मौजूद थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंद कमरे से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।
मामला बाराबंकी जिले की रामनगर पंचायत के धमेड़ी-2 मोहल्ले का है। यहां रहने वाले शुभाष्कर तिवारी और उनकी पत्नी छाया तिवारी बहराइच जिले के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक हैं। दोनों परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते शुभाष्कर पिछले दो दिनों से अपने पैतृक घर रामनगर में अकेले रह रहे थे।
पिता से वीडियो कॉल पर की आखिरी बात
सोमवार सुबह करीब 8:50 बजे शुभाष्कर ने अपने पिता, सेवानिवृत्त जिला सांख्यिकी अधिकारी बृजकिशोर तिवारी, से मोबाइल पर वीडियो कॉल कर बातचीत की। बातचीत समाप्त होने के कुछ देर बाद उन्होंने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह उनकी पिता से आखिरी बातचीत साबित हुई।
यह भी पढ़ें: 'अपनी पत्नी को छोड़ दूंगा' कहकर दरोगा ने महिला संग बनाए संबंध, हो गया सस्पेंड
बंद कमरे में मिला शव
घटना के समय घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। परिजन को अनहोनी की आशंका हुई तो स्थानीय लोगों को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। कमरे के अंदर शुभाष्कर फांसी के फंदे से लटके मिले। उन्हें तत्काल नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गृह प्रवेश की खुशियां मातम में बदलीं
स्थानीय लोगों के मुताबिक शुभाष्कर तिवारी ने हाल ही में रामनगर में नया मकान बनवाया था। परिवार अगले एक-दो दिनों में गृह प्रवेश की तैयारी कर रहा था। नए घर में खुशियों के साथ प्रवेश होना था लेकिन उससे पहले हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। शुभाष्कर अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर केस: फर्जी रसीदों से चंदा, परिक्रमा मार्ग पर बंदरबांट, क्या राज खुले?
पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।