तेलंगाना के पेड्डापल्ली के गोदावरीखानी में 20 साल की इंजीनियरिंग छात्रा की मौत का मामला पहले आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में इसकी कहानी बदल गई। छात्रा ने कीटनाशक पी लिया था और परिवार के नाम एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले जिनसे छात्रा को जबरन कीटनाशक पिलाए जाने का आरोप सामने आया।
मृतका की पहचान थंद्रा अक्षितारानी के रूप में हुई है। वह डिप्लोमा की पढ़ाई के दौरान नासपुर के सिंगरेनी कोलियरीज पॉलिटेक्निक में आउटसोर्स लेक्चरर नवीन कुमार के संपर्क में आई थी। बाद में वह माइनिंग इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए हैदराबाद चली गई। इसी दौरान सिंगरेनी की एक खदान में अप्रेंटिसशिप के दौरान उसकी मुलाकात रवि कुमार से हुई। पुलिस का कहना है कि अक्षितारानी के नवीन से दूरी बनाने और रवि के करीब आने से नवीन नाराज था।
यह भी पढ़ें: पंचकूला में ATS ने पकड़ा इंटरनेशनल ड्रग्स-हथियार नेटवर्क, अमेरिका से कनेक्शन
कार से किया अगवा
पेड्डापल्ली के DCP बी राम रेड्डी के मुताबिक, नवीन के मन में अक्षितारानी और रवि को लेकर रंजिश थी। पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को उसने FCI क्रॉसिंग के पास अक्षितारानी को रोका और अपनी कार में बैठाकर ले गया। आरोप है कि वहां उसने छारा से एक नोट लिखवाया, जिसमें रवि कुमार पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद उसे कीटनाशक पिला दिया गया। पुलिस का दावा है कि नवीन ने छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के बजाय इलाज में देरी की।
पुलिस के मुताबिक, नवीन ने अक्षितारानी के मोबाइल से उसके पिता को फोन किया। इससे परिवार को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की गई कि छात्रा ने खुदकुशी की है। बाद में अक्षितारानी को 12 सितंबर को गोदावरिखानी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, कॉल डिटेल, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी सबूत जुटाए। इन्हीं के आधार पर पुलिस ने घटनाक्रम को जोड़ते हुए नवीन को मुख्य आरोपी बताया।
यह भी पढ़ें: 'आश्वासन नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए काम', CM सैनी ने लगाई अफसरों की क्लास
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 20 सिंतबर को नवीन कुमार और सिंगरेनी के ओवरमैन रवि कुमार को गिरफ्तार किया। जांच में इस्तेमाल कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। वहीं, अक्षितारानी की ओर से रवि पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लगाए गए आरोपों की अलग से जांच चल रही है। रवि की पत्नी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि उनके पति को गलत तरीके से फंसाया गया है। उनका कहना है कि सिंगरेनी की आंतरिक जांच में रवि को इन आरोपों से मुक्त किया जा चुका है।