महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरे एक टेम्पो को तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दर्दनाक दुर्घटना डहानू तालुका के धनीवारी गांव के पास शाम के समय हुई। पुलिस ने बताया कि एक आइशर (Eicher) टेम्पो में 50 से ज्यादा लोग सवार थे। ये सभी लोग बापूगांव खड़कपाड़ा के रहने वाले बलराम जयराम दांडेकर के परिवार के सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी बीच हाइवे पर सामने से आ रहे बेकाबू कंटेनर ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
यह भी पढ़ें: '50 लाख और फॉर्चूनर मांग रहे थे', नोएडा में महिला की मौत पर ससुराल पर लगे आरोप
कासा थाना पुलिस के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि टक्कर होते ही टेम्पो और कंटेनर दोनों सड़क पर पलट गए। टेम्पो में बैठे कई लोग गाड़ियों के मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद हाइवे पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
5 की मौके पर ही गई जान
शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि मालवाहक टेम्पो में क्षमता से कहीं ज्यादा यात्रियों को बैठाया गया था। अत्यधिक तेज रफ्तार, सड़क का संकरा होना और दोनों चालकों का वाहनों पर से नियंत्रण खो देना इस हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। भीषण टक्कर के कारण 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि 6 अन्य यात्रियों की मौत अस्पताल ले जाते समय या इलाज के दौरान हुई।
यह भी पढ़ें: प्रीपेड मीटर के नाम पर लिए गए थे पैसे, अब लौटाएगा बिजली विभाग, तरीका जान लीजिए
बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
हादसे में घायल हुए करीब 20 लोगों को तुरंत कासा उपजिला अस्पताल और पास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कई मरीजों को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते मृतकों की संख्या में और इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस पूरे मामले में लापरवाही का केस दर्ज कर घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।