उत्तर प्रदेश के शहर मेरठ से सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान बनियापाड़ा का रहने वाला उजैद कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 23 नवंबर को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों की माने तो उजैद के तार पाकिस्तान के आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी और जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार हो चुके मोहम्मद साजिद से जुड़े मिले हैं।
जांच में पता चला है कि उजैद साजिद के संपर्क में था और उसने उससे फिदायीन हमला करने तक की बात कही थी। पुलिस का यह भी कहना है कि वह युवाओं को कट्टरपंथ से जोड़ने वाले एक समूह से जुड़ा था। वह समूह 14 से 18 साल के लड़कों को अपना निशाना बनाता था।
यह भी पढ़ें: पांच पड़ाव, पांच पकवान और राम की यादें, बक्सर में 29 नवंबर से लगेगा पंचकोसी मेला
जांच में क्या आया सामने?
जांच एजेंसियों के अनुसार, उजैद पिछले करीब छह महीनों से जम्मू-कश्मीर में पकड़े गए मोहम्मद साजिद के संपर्क में था। दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती थी। इसके अलावा वह पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी से भी जुड़ा था। जांच में यह बात भी सामने आई कि उजैद पाकिस्तान के नंबरों से जुड़े कई लोगों से बात करता था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से उसकी तलाश कर रही थी और वह वहां वांटेड था। पुलिस को जब उसकी संदिग्ध गतिविधियों की भनक लगी और कार्रवाई शुरू हुई तो उजैद और उसका परिवार घर पर ताला लगाकर भाग गया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसके घर पर नोटिस चिपकाया था। इसमें उसे बाहु कोर्ट थाने में आकर बयान दर्ज कराने और जांच में सहयोग करने को कहा गया था। जानकारी के मुताबिक, उजैद अपने पिता के साथ कपड़ों का काम करता था और उसका जम्मू-कश्मीर आना-जाना भी लगा रहता था।
व्हाट्सएप ग्रुप का कनेक्शन
इस मामले में मोहम्मद साजिद को काफी अहम माना जा रहा है। इसे जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि साजिद सेना पर फिदायीन हमला करने की तैयारी में था। बताया जाता है कि साजिद के पिता असलम CRPF में तैनात हैं, जबकि साजिद जम्मू के बठिंडी में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। उस पर भी युवाओं को कट्टरपंथ की ओर ले जाने और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। साजिद से पूछताछ के दौरान ही मेरठ के उजैद का नाम सामने आया था।
जांच एजेंसियों को साजिद के व्हाट्सएप ग्रुप की पड़ताल के दौरान मेरठ के उजैद कुरैशी सहित कई युवाओं के जुड़े होने का पता चला। आरोप है कि उजैद ने इस ग्रुप में मेरठ से जुड़ी कुछ जानकारियां भी भेजी थीं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी हरकतों पर नजर रखनी शुरू कर दी। उजैद से पहले ATS और इंटेलिजेंस ब्यूरो भी पूछताछ कर चुके हैं और अब गिरफ्तारी के बाद उसके गतिविधियों की आगे जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'संवाद नहीं, नीतीश सरकार की जरूरत', JDU नेता आनंद मोहन के बयान से भूचाल
14 से 18 साल के लड़कों को बनाते थे निशाना
सिटी SP विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस को उजैद की लंबे समय से तलाश थी। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके मुताबिक, यह गिरोह 14 से 18 साल के किशोरों को निशाना बनाता था। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को इस गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। अब सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।