पश्चिम बंगाल के हुगली में तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक कुणाल घोष की कार पर हमला हुआ है।
ममता बनर्जी
की रैली में शामिल होने जा रहे कुणाल घोष की कार को कुछ लोगों ने रोक लिया, काला झंडा दिखाया और कार पर पत्थर और अंडे फेंके गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया। इस घटना में कुणाल घोष को चोट लगने की जानकारी सामने नहीं आई है।
कुणाल घोष पश्चिम बंगाल की बेलियाघाटा विधानसभा सीट से TMC विधायक हैं और पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल हैं। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कुणाल घोष ने इसे 'जंगलराज' करार दिया। हमलावरों की पहचान को लेकर भी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: न समन्वय समिति, न औपचारिक वार्ता, कहां अटका है कांग्रेस-SP गठबंधन?
कार पर फेंके अंडे और पत्थर
सोशल मीडिया पर इस इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि कुणाल घोष अपनी कार से जा रहे हैं। रास्ते में उनकी कार को काले झंडे लिए कुछ लोगों ने घेर लिया। कुछ लोग कार के बोनट और शीशे पर हाथ पटकते दिखे। वहीं कुछ लोग काले झंडे लहराते हुए नारेबाजी करते दिखे। इस बीच उनकी कार पर अंडे और पत्थर से हमला किया गया। इस हमले में उनकी कार के पीछे का शीशा टूट गया।
कुणाल घोष ने क्या कहा?
घटना के बाद कुणाल घोष का बयान सामने आया है। उन्होंने इसे 'जंगलराज' करार दिया। कुणाल घोष ने दावा किया कि घटना के दौरान मौके पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि वह कोलकाता लौट रहे हैं और घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए सीधे लाल बाजार या भवानी भवन जाएंगे।
TMC और BJP के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप
इस घटना के बाद सियासी आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। TMC नेताओं ने हमले के पीछे BJP का हाथ होने का आरोप लगाया है। तृणमूल नेता असित मजूमदार कहा कि यह आम लोगों का विरोध नहीं, बल्कि BJP की ओर से किया गया 'पूर्व नियोजित हमला' था। BJP विधायक दीपनजन चक्रवर्ती ने घटना को जनता की 'स्वाभाविक प्रतिक्रिया' बताया है।