महाराष्ट्र के नागपुर में दो कॅालेज छात्रों की खाई में गिरने से मौत हो गई है। दोनों छात्र रात में एक सुनसान सड़क पर बाइक से जा रहे थे, तभी उनकी बाइक फिसल गई और दोनों खाई में गिर गए। खाई में गिरने के बाद दोनों छात्रों ने कई बार मदद के लिए पुकारा लेकिन रात के समय उस सड़क पर कोई व्यक्ति नहीं था जो उनकी मदद कर सके। दोनों छात्र अपने फोन से किसी से संपर्क भी नहीं कर पाए क्योंकि फोन की बैटरी डेड थी। समय पर मदद न मिलने की वजह से दोनों की खाई में ही मौत हो गई।
पुलिस को दोनों छात्रों के शव गुरुवार को मिले। यह घटना बुधवार यानी 15 अप्रैल की है। मृत छात्रों के नाम आर्यन सोनटक्के और सक्षम बंसाडे हैं, जिनकी उम्र लगभग 20 साल थी। ये दोनों छात्र नागपुर के महाराष्ट्र नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (MNLU) में पढ़ते थे और उसी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहते थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: दुकान खोलकर नहीं पिलाई शराब, बारातियों ने पीट-पीटकर मार डाला
कैसे हुई मौत?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आर्यन और सक्षम देर रात हॉस्टल से बाहर निकलकर किसी होटल गए थे। होटल से लौटते वक्त एक कच्ची सड़क पर उनकी बाइक फिसल गई, जिस वजह से दोनों एक गहरी खाई में गिर गए। खाई में गिरने से दोनों छात्रों को गंभीर चोटें आईं। एक छात्र के पास फोन था लेकिन उसकी बैटरी खत्म हो चुकी थी, इस वजह से वे किसी को फोन कर मदद नहीं मांग पाए।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक गंभीर चोटों के बावजूद समय पर इलाज न मिलने की वजह से दोनों की मौत हो गई। आर्यन और सक्षम के घर में दुख का माहौल है। जानकारी के लिए बता दें कि दोनों छात्रों के शव पुलिस को गुरुवार को मिले थे।
यह भी पढ़ें: मुंबई के कॉन्सर्ट में ड्रग्स ओवरडोज से दो MBA छात्रों की मौत, 5 लोग गिरफ्तार
हॉस्टल से बाहर क्यों गए थे दोनों छात्र?
हॉस्टल के बाकी छात्रों के मुताबिक आर्यन और सक्षम देर रात एक होटल में खाना खाने गए थे। जब देर रात तक वे हॉस्टल नहीं लौटे, तो आसपास उनकी तलाश की गई। बाद में किसी राहगीर ने उनकी लाश देखी और पुलिस को जानकारी दी।