logo

मूड

ट्रेंडिंग:

हिमाचल कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, दो प्रदेश उपाध्यक्षों को पद से हटाया

चुनाव से पहले हिमाचल कांग्रेस में जवाबदेही का डंडा चला है। दो प्रदेश उपाध्यक्षों की छुट्टी कर दी गई है। दोनों ने 'अगला सीएम कैसा हो, विक्रमादित्य जैसा हो' के नारे लगाए थे।  

पार्टी से निष्कासित किए गए रजनीश किमटा, Photo Credit-Social Media

पार्टी से निष्कासित किए गए रजनीश किमटा, Photo Credit-Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

हिमाचल प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने संगठन को सक्रिय करने के लिए सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। पार्टी ने अब बड़े पदों पर बैठे नेताओं की सक्रियता और संगठन के प्रति उनकी जवाबदेही को सीधे कार्रवाई के दायरे में ला दिया है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दो उपाध्यक्ष रजनीश किमटा और मोहिंद्र चौहान को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। सूत्र बता रहे हैं कि दोनों ने दोनों ने 'अगला सीएम कैसा हो, विक्रमादित्य जैसा हो' के नारे लगाए थे। दोनों नेता वीरभद्र सिंह खेमे से सम्बंधित हैं। दोनों के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में सम्मिलित होने का भी आरोप है।

 

इस कार्रवाई को केवल दो पदाधिकारियों को हटाने तक सीमित करके नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे चुनावी तैयारियों से पहले संगठन की कार्यशैली बदलने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी का संदेश साफ है कि अब संगठन में पद हासिल करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि बैठकों में उपस्थिति, पार्टी कार्यक्रमों में भागीदारी और सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन भी अनिवार्य होगा।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने दोनों नेताओं की पार्टी की महत्वपूर्ण बैठकों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और अन्य आधिकारिक गतिविधियों में लंबे समय से लगातार अनुपस्थिति को कार्रवाई का आधार बताया है। इस मामले पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष और सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया गया। समिति की सिफारिश तथा हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की स्वीकृति के बाद दोनों नेताओं को पदमुक्त करने का फैसला लिया गया।

 

यह भी पढ़ें: 'हिमाचल की 93 फीसदी महिलाओं से हुआ विश्वासघात', कांग्रेस पर बरसे अनुराग ठाकुर

संगठन में सक्रियता की परीक्षा में रेड जोन में पहुंचे दोनों नेता

कांग्रेस ने प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों की कार्यशैली और सक्रियता का आकलन करने के लिए व्यवस्था बनाई है। इसमें पार्टी की बैठकों में उपस्थिति, संगठनात्मक कार्यक्रमों में भागीदारी और सौंपे गए दायित्वों को पूरा करने जैसे बिंदुओं को आधार बनाया गया। इस आकलन में रजनीश किमटा और मोहिंद्र चौहान को रेड जोन में रखा गया था।

 

पार्टी के संगठनात्मक मूल्यांकन में दोनों नेताओं की सक्रियता संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके बाद अब उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय बाद संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से सक्रिय करने की कोशिशें चल रही हैं। पार्टी अब केवल पदों के वितरण के बजाय पदाधिकारियों के कामकाज का हिसाब लेने की दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।

किमटा पर कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में चर्चा

रजनीश किमटा का नाम इस कार्रवाई के बाद विशेष रूप से चर्चा में है। वह शिमला जिले के चौपाल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन महासचिव का पद कांग्रेस में काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस जिम्मेदारी के तहत पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों और विभिन्न स्तरों पर समन्वय का काम रहता है। ऐसे में पूर्व संगठन महासचिव रहे नेता का उपाध्यक्ष पद से हटाया जाना पार्टी के भीतर जवाबदेही के नए पैमाने के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी ओर मोहिंद्र चौहान को भी उपाध्यक्ष पद से हटाने का निर्णय लिया गया है। पार्टी ने दोनों नेताओं के मामले में समान आधार पर कार्रवाई की है।

तीन बैठकों से ज्यादा गैरहाजिरी पर भी कार्रवाई के संकेत

कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने भी संगठनात्मक गतिविधियों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों को लेकर कड़ा रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि तीन से अधिक बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। इस बयान के बाद संगठन के अन्य पदाधिकारियों में भी जवाबदेही को लेकर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। पार्टी के भीतर यह संदेश पहुंच गया है कि अब केवल प्रदेश या जिला स्तर पर पदाधिकारी बने रहने से काम नहीं चलेगा। संगठनात्मक बैठकों और कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी दिखानी होगी।

 

यह भी पढ़ें: देश भर में 324 दवाओं के सैंपल फेल, हिमाचल में 92 सैंपल नाकाम 

पहले भी हो चुकी हैं संगठनात्मक कार्रवाई

हिमाचल कांग्रेस में अनुशासन और संगठनात्मक सक्रियता को लेकर पिछले दिनों भी कार्रवाई हुई है। कुल्लू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और बिलासपुर जिला महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष के खिलाफ भी प्रदेश नेतृत्व कार्रवाई कर चुका है। अब दो प्रदेश उपाध्यक्षों को हटाए जाने से यह स्पष्ट हो रहा है कि पार्टी का अनुशासन अभियान केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं है। प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इसके दायरे में हैं।

 

हिमाचल में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में कांग्रेस के सामने सत्ता में वापसी के साथ-साथ अपने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाए रखने की चुनौती है। प्रदेश सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए मजबूत संगठन की जरूरत होगी। ऐसे समय में प्रदेश नेतृत्व का अपने ही पदाधिकारियों पर कार्रवाई करना यह संकेत देता है कि कांग्रेस चुनाव से पहले संगठनात्मक अनुशासन को प्राथमिकता देना चाहती है।

 

इस कार्रवाई का वास्तविक असर आने वाले दिनों में सामने आएगा। बड़ा सवाल यह है कि क्या पार्टी की यह सख्ती संगठन के अन्य निष्क्रिय पदाधिकारियों तक भी पहुंचेगी या फिर यह कार्रवाई फिलहाल दो नेताओं तक ही सीमित रहेगी? विनोद जिंटा के बयान के बाद आने वाले समय में कुछ और पदाधिकारियों पर गाज गिरने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।


और पढ़ें