logo

मूड

ट्रेंडिंग:

उद्धव ठाकरे के सांसद शिंदे के टच में? महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चा

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर से चर्चा है कि शिवसेना (UBT) के सांसद एकनाथ शिंदे की पार्टी के संपर्क में हैं।

maharashtra politics

उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे।

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर से उलटफेर होने की खबरें आने लगी हैं। चर्चा के केंद्र में फिर से पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की शिवसेना है। दरअसल, शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को पार्टी सांसदों की एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में उसके सभी नौ सांसद मौजूद रहे।

 

हालांकि, पांच सांसद वीडियो कॉल के जरिए ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए, जबकि चार सांसद उद्धव के आवास मातोश्री में मौजूद थे। अरविंद सावंत, राजाभाऊ वाजे, संजय दीना पाटिल और अनिल देसाई जैसे सांसद खुद मातोश्री में मौजूद रहे, जबकि पांच सांसद वर्चुअली जुड़े।

 

यह भी पढ़ें: ट्रैक्टर, बाइक और घर फूंके, BJP नेता की हत्या के बाद देहरादून में भारी बवाल

शिवसेना (UBT) ने क्या कहा?

सेना (UBT) ने बताया है कि ऑनलाइन शामिल होने वाले सभी सांसदों ने उद्धव ठाकरे को अपनी गैरमौजूदगी के सही कारण बताए थे। मगर, यह बात इस चर्चा के बीच अहम हो गई है कि कुछ सांसद 'ऑपरेशन टाइगर' के तहत महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। शिवसेना (UBT) ने जानकारी दी है कि पार्टी सांसद नागेश अष्टीकर अपने चुनाव क्षेत्र में MLC चुनावों में व्यस्त थे।

सांसदों ने बताया कारण

TOI ने शिवसेना के एक नेता के हवाले से बताया, 'सांसद संजय जाधव ने उद्धव ठाकरे से बात की और दो दिन बाद वह आकर उद्धव से मिलेंगे। संजय देशमुख के घर पर शादी है। भाऊसाहेब वाकचौरे की पत्नी बीमार हैं। वह भी ऑनलाइन मोड से शामिल हुए। ओम राजे निंबालकर का बेटा बीमार है, इसलिए वह भी ऑनलाइन शामिल हुए। इसलिए, सभी नौ सांसद हाइब्रिड मोड में मौजूद थे।'

 

यह भी पढ़ें: 'ये जितने भी हैं, सब चोर हैं, इनकी छुट्टी करो', विनय कटियार ने दिया अल्टीमेटम

एकनाथ शिंदे के साथ जाएंगे सांसद?

महाराष्ट्र में इस बात की अटकले हैं कि शिवसेना (UBT) के दो-तिहाई सांसद अलग होकर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। इन्हीं चर्चाओं के बीच में आदित्य ठाकरे के जन्मदिन के दिन 13 जून को उद्धव ठाकरे ने अपने सभी सांसदों को मुंबई बुलाया था। सांसदों को मुंबई में रहने के लिए कहा गया था।

पार्टी में टूट के लिए कितने सांसद चाहिए?

लोकसभा में शिवसेना (UBT) के नौ सांसद हैं। पार्टी में टूट के लिए दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए छह सांसदों की जरूरत होगी। पिछले कुछ महीनों में, शिवसेना (UBT) के सांसदों के एकनाथ शिंदे या शिंदे की पार्टी के दूसरे सीनियर नेताओं से मिलने के कई मामले सामने आए हैं। इन मुलाकातों के बाद से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी में एक बार फिर से फूट पड़ सकती है।


और पढ़ें