उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर महिला शिक्षिका के साथ अश्लील हरकत करने और दुष्कर्म की कोशिश का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि 52 वर्षीय प्रधानाध्यापक ने महिला शिक्षिका को अकेले कार्यालय में बुलाकर उसका हाथ पकड़ लिया और जबरन किस करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसे धमकाया गया। पीड़िता ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और अधिकारियों से शिकायत की। शिक्षा विभाग ने आरोपी प्रधानाध्यापक उदयलाल बौद्ध को निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रामपुर कारखाना थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
मामला देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक सरकारी कंपोजिट विद्यालय का है। यहां तैनात 22 वर्षीय संविदा महिला शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक उदयलाल बौद्ध पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक, 16 अक्टूबर को दोपहर भोजनावकाश के दौरान प्रधानाध्यापक ने उसे अकेले अपने कार्यालय में बुलाया था। आरोप है कि कार्यालय में पहुंचने पर प्रधानाध्यापक ने उसका हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा। उसने जबरन किस करने की कोशिश भी की। शिक्षिका ने किसी तरह खुद को उसके चंगुल से छुड़ाया और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई।
यह भी पढ़ें: खाने में नींद की गोली, फिर 2 करोड़ की चोरी! नौकरानी ने रची साजिश
विरोध करने पर पिता को भी धमकाया
पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर उसके पिता विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक की हरकत का विरोध किया। इस पर आरोपी ने उन्हें एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। शिक्षिका का आरोप है कि शिकायत करने पर उसे भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के बाद निलंबित हुआ प्रधानाध्यापक
पीड़िता ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी मामले की शिकायत की थी। इसके बाद शिक्षा विभाग ने जांच कराई और आरोपी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। हालांकि, पीड़िता ने पुलिस से भी कार्रवाई की मांग की और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।
यह भी पढ़ें: ‘समीर’ बनकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया, 6 साल तक शोषण का आरोप, बिलाल गिरफ्तार
एसपी के निर्देश पर दर्ज हुई FIR
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने रामपुर कारखाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रधानाध्यापक उदयलाल बौद्ध के खिलाफ छेड़खानी और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।