logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'काले अंग्रेज चला रहे UP पुलिस', कांस्टेबल ने लगाए भ्रष्टाचर के आरोप

उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही ने पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

Sunil Shukla

सुनील शुक्ला, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में एक गंभीर मामला सामने आया है जिसने पूरे विभाग में हडकंप मचा दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल का कथित वीडियो सोशल वीडियो पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लखनऊ पुलिस लाइन में तैनात सुनील कुमार शुक्ला ने पुलिस विभाग के सीनियर अधिकारियों और प्रभारी पर ड्यूटी लगाने के बदले अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग पुलिस विभाग में फैले भ्रष्टाचार की ओर इशारा कर रहे हैं।

 

वायरल वीडियो में सुनील कुमार शुक्ला  IPS अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस आयुक्त ने आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित की है। हालांकि, अधिकारियों ने सिपाही के आरोपों को फिलहाल गलत बताया है।

 

यह भी पढ़ें: हिमंता ही होंगे असम के मुख्यमंत्री, विधायक दल ने नेता चुना, 12 मई को शपथ

 

क्या आरोप लगाए?

वायरल वीडियो में सुनील शुक्ला ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल को ड्यूटी सौंपने के बदले में प्रत्येक को 2,000 रुपये का भुगतान करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्शन कथित तौर पर ड्यूटी प्रभारी करते हैं, जो कमांड की सीरीज के माध्यम से सीनियर अधिकारियों को शेष राशि देने से पहले एक हिस्सा अपने पास रखते हैं।

 

उन्होंने दावा किया कि लखनऊ कमिश्नरेट में एक डेटा सेक्शन में 110 से 120 गार्ड तैनात हैं, जहां 500 से 550 ड्यूटी लगाई जाती हैं। आरोप है कि करीब 400 पुलिसकर्मियों से हर महीने दो-दो हजार रुपए वसूले जाते हैं, जिससे लगभग 8 लाख रुपये की उगाही होती है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी वसूली कई अन्य जगहों पर भी की जा रही है।

दूसरी वीडियो में क्या बताया?

सुनील शुक्ला ने इस वीडियो के बाद एक और वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में वह उनके आरोपों पर हो रही जांच पर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो में उन्होंने कहा, 'माननीय मुख्यमंत्री जी मैं पूछना चाहता हूं कि क्या मैं आतंकवादी हूं? बीती रात एक बजे इन काले अंग्रेजों के आदेश से मेरे घर पर दबीश दी जाती है।' उन्होंने बताया कि उनके परिवार में उनकी मां और बेटी भी रहती हैं और उनकी मां बीमार रहती हैं। 

 

सुनील शुक्ला ने पुलिस विभाग की ओर से दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा, 'मैं पूछना चाहता हूं कि क्या इन काले अंग्रेजों के पास यही तरीका रह गया है मेरी आवाज दबाने का। मेरी माता जी को प्रताड़ित किया जाएगा और उन पर दबाव बनाया जाएगा और मुझे दबाया जाएगा।'

 

यह भी पढ़ें: 'मारा, भूखा रखा और...', IIM बैंगलोर में मणिपुरी नैनी को बंधक बनाकर रखा

साजिश का शक

सुनील शुक्ला ने वीडियो में अपने खिलाफ साजिश का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरी मां ने एक शेर को जन्म दिया है और मैं शांत नहीं रहने वाला। अगर यह लोग मुझे शांत करना चाहते हैं तो इन्हें मेरी हत्या करनी होगी और इनका प्लान भी है। सुनील शुक्ला ने कहा कि मेरी आवाज को तभी बंद किया जा सकेगा जब पुलिस महकमे के भ्रष्टाचार, अनियमितताएं, शोषण की जांच के लिए कमेटी बनाकर सुधार करना पड़ेगा। उन्होंने सीएम योगी से जांच कर कार्रवाई की मांग की और अपने लिए न्याय की गुहार लगाई। 


और पढ़ें