समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव
ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर AI के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब वह सुबह उठे उससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने AI से वीडियो बनाकर उन्हें रावण के रूप में दिखा दिया था। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि AI जैसी तकनीक का इस्तेमाल समाज की भलाई के बजाय राजनीतिक हमलों के लिए क्यों किया जा रहा है।
अखिलेश ने कहा कि AI का इस्तेमाल अच्छाई के लिए होना चाहिए, बुराई फैलाने के लिए नहीं। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों के बीच डिजिटल प्रचार और AI से तैयार वीडियो को लेकर दोनों दलों के बीच कड़ी टक्कर हो रही है।
यह भी पढ़ें: 'आंदोलन तो होंगे ही लेकिन...', रिजीम चेंज पर मोहन भागवत ने दे डाली नसीहत
अखिलेश ने क्या कहा?
अखिलेश यादव ने दशहरे के मौके पर बातचीत करते हुए कहा, 'सुबह उठे हम लोग तो हमारा भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने वीडियो डाल दिया रावण वाला।' अखिलेश यादव ने कहा की मीडिया के लोग जानते हैं कि ये वीडियो कहां बनता है और कहां बनता है लेकिन बताते नहीं है।
अखिलेश ने कहा, 'प्रेस वाले यह भी जानते हैं कि इन वीडियो को बनाने के लिए कितना पैसा दिया जा रहा है। हम अपने कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहता हूं कि वह अपने आप बनाकर हमे भेज देते हैं। AI का इस्तेमाल अच्छाई के लिए होना चाहिए लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लोग बुराई के लिए कर रहे हैं।'
दशहरे के मौके पर सियासी वार
अखिलेश यादव ने यह बयान 20 अक्टूबर को दशहरे के अवसर पर लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रचार वाहनों को रवाना करने के दौरान दिया। इन वाहनों पर ‘जो पीड़ित है, वो PDA है’ का नारा लिखा गया है। पार्टी इन वाहनों के जरिए प्रदेश के गांवों और शहरों में अपना राजनीतिक संदेश पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
इस दौरान अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश से बुराई को खत्म करने की शुरुआत होनी चाहिए और अच्छाई की जीत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि असली महाभारत उत्तर प्रदेश से शुरू होने वाली है। अखिलेश ने रामराज और समाजवाद का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवाद ही रामराज है और रामराज ही समाजवाद है।
यह भी पढ़ें: राम ने कहा था मौत के बाद खत्म होता है वैर, फिर हर साल क्यों जलता है रावण?
AI वीडियो बन रहे हथियार
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच सोशल मीडिया पर संग्राम छिड़ा हुआ है। दोनों ही पार्टियां एक दूसरे दलों के प्रमुख नेताओं के AI वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। बीजेपी और समाजवादी पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी इस तरह के कई वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। AI का इस्तेमाल जमकर दोनों पार्टियां चुनाव से पहले अपना नैरेटिव सेट करने में कर रही हैं। ऐसे में इसके सही इस्तेमाल को लेकर राजनतिक बहस भी हो रही है।