उत्तर प्रदेश में मिड-डे-मिल में खराब खाने की गुणवत्ता के मामले सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन छोटे-छोटे स्कूली बच्चे खराब खाने को लेकर कभी धरने पर बैठ रहे हैं तो कभी जीएम का रास्ता रोककर शिकायत कर रहे हैं। गुरुवार को यूपी के हमीरपुर जिले में स्कूल में मिड-डे-मिल का खाना खराब मिलने पर स्कूली बच्चों ने हमीरपुर के जिलाधिकारी का काफिला घेर लिया और उनके शिकायत की।
दरअसल, हमीरपुर के डीएम गुरुवार को एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वह अपने काफिले के साथ जा रहे थे तभी स्कूली बच्चों के एक ग्रुप ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। बच्चों को देखकर डीएम रुक गए। बच्चों ने डीएम से शिकायतों की झड़ी लगा दी।
यह भी पढ़ें: फर्जी आधार पर होटल बुक किया, महिला को वहीं मारकर हो गया फरार
बच्चों ने डीएम से लगाई शिकायतों की झड़ी
बच्चों ने स्कूल में ठीक से पढ़ाई नहीं होने, छात्रों की पिटाई किए जाने और खराब गुणवत्ता वाले मिड-डे-मिल खाने की शिकायत की। डीएम अशोक कुमार ने कुरारा क्षेत्र के अंतर्गत पतारा गांव में प्राइमरी और उच्च प्राथमिक स्कूलों का औचक दौरा किया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने स्कूल में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्था की समीक्षा की और छात्रों से उनकी पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
पढ़ाते कम मारते ज्यादा हैं
डीएम जब निरीक्षण के बाद वहां से रवाना हो रहे थे, तभी बच्चों ने उनकी गाड़ी रोक ली और शिकायत की। उन्होंने शिक्षकों के रवैये पर भी सवाल उठाये कहा शिक्षक पढ़ाते कम मारते ज्यादा हैं। इसपर डीएम ने नाराजगी जताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिये हैं। बच्चों ने स्कूल में परोसे जा रहे मिड-डे मिल की गुणवत्ता की भी शिकायत की।
यह भी पढ़ें: 50 लाख खर्च करके 4 साल रखी लाश, क्या है क्रायोनिक्स जिससे जिंदा करना चाहते थे?
डीएम ने कार्रवाई के दिए निर्देश
उन्होंने इस योजना के तहत परोसे जा रहे खराब गुणवत्ता वाले खाने के बारे में भी शिकायत की और आरोप लगाया कि उन्हें दिए जाने वाले दूध में छाछ मिला दी जाती है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, 'बच्चों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।'