उत्तर प्रदेश के इटावा में साइबर ठगी के एक बड़े गैंग का पुलिस ने सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। थाना बसरेहर पुलिस की टीम ने चार सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 91 लाख 18 हजार रुपये की रकम बरामद की है। ये आरोपी मुख्य रूप से डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन गेमिंग के झांसे देकर आम लोगों को लूटते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि 25 अप्रैल की रात नियमित चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार चार युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने तुरंत पीछा किया और लोहिया नहर पुल के पास उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ये चारों सगे भाई हैं और पिछले काफी समय से संगठित तरीके से साइबर फ्रॉड में लगे हुए थे।
यह भी पढ़ें: पढ़े लिखे लोग भी कैसे हो जाते हैं डिजिटल अरेस्ट के शिकार? डर का मनोविज्ञान समझिए
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं- सतीश कुमार, हरिओम, अखिलेश कुमार और अजीत कुमार। ये सभी इटावा के अय्यारा गांव के रहने वाले हैं।
क्या था ठगी का तरीका?
मुख्य आरोपी सतीश कुमार पहले पानीपत में साइबर ठगों के संपर्क में आया था। वहां से ठगी के नए-नए तरीके सीखकर वह गांव लौटा और मोबाइल के जरिए धोखाधड़ी शुरू कर दी। बाद में उसने अपने तीनों छोटे भाइयों को भी इस गैंग में शामिल कर लिया।
ये लोग लोगों को ऑनलाइन गेम, लॉटरी ऐप या डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर पैसे ऐंठते थे। ठगी की रकम को सीधे अपने खाते में नहीं रखते थे, बल्कि दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देते थे ताकि ट्रेस न हो सके। पुलिस ने इनके पास से 30 लाख 60 हजार रुपये नकद और डिजिटल खातों/प्लेटफॉर्म्स से 60 लाख 58 हजार से अधिक की राशि जब्त की है। कुल बरामदगी 91.18 लाख रुपये की है।
मुख्य आरोपी पर पहले से ही कई मामले
सतीश कुमार पर विभिन्न राज्यों में पहले से ही 20 से अधिक ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि इस पूरे साइबर रैकेट में कुछ बैंक कर्मचारियों की भी मिलीभगत हो सकती है। इस एंगल से अलग से जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: डेढ़ महीने का डिजिटल अरेस्ट, 22 करोड़ की ठगी, अब CBI करेगी मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह इटावा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। आगे की जांच जारी है और इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।