उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) ने राज्य के प्रमुख एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स के रेट में बदलाव कर दिया है। इसमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे शामिल हैं। नई टोल दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू हो गई हैं।
पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 की तुलना में ज्यादातर वाहनों के टोल में थोड़ी-बहुत बढ़ोतरी की गई है। छोटे वाहनों में बढ़ोतरी बहुत कम है, जबकि बड़े वाहनों में थोड़ी ज्यादा बढ़ी है। दो पहिया, तीन पहिया और ट्रैक्टर के लिए टोल: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो पहिया, तीन पहिया और ट्रैक्टर का टोल 330 रुपये से बढ़कर 335 रुपये हो गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यह 350 रुपये ही रहा, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर 315 रुपये और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 140 रुपये से बढ़कर 145 रुपये हो गया है।
यह भी पढ़ें: ट्रैफिक चालान और टोल टैक्स के नाम पर हो रही ठगी, इससे बचने का तरीका जानिए
कितना बढ़ा टोल टैक्स
कार, जीप और हल्के मोटर वाहनों के लिए: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार, जीप और हल्के वाहनों का टोल 665 रुपये से बढ़कर 675 रुपये हो गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहले की ही तरह 700 रुपये और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर 635 रुपये है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर यह 285 रुपये से बढ़कर 295 रुपये हो गया है।
लाइट कमर्शियल वाहन और मिनी बस: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लाइट कमर्शियल वाहन और मिनी बस का टोल 1,045 रुपये से बढ़कर 1,065 रुपये कर दिया गया है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर इस श्रेणी में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
बस और ट्रक के लिए: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक का टोल 2,100 रुपये से बढ़कर 2,150 रुपये हो गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 2,225 रुपये से बढ़कर 2,240 रुपये, बुंदेलखंड पर 2,010 रुपये से बढ़कर 2,025 रुपये और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 840 रुपये से बढ़कर 845 रुपये कर दिया गया है।
भारी वाहन और मल्टी-एक्सल (3 से 6 एक्सल): आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भारी मशीनरी और मल्टी-एक्सल वाहनों का टोल 3,225 रुपये से बढ़कर 3,290 रुपये हो गया है। पूर्वांचल पर 3,420 से 3,430 रुपये, बुंदेलखंड पर 3,085 से 3,100 रुपये और गोरखपुर लिंक पर 1,335 से 1,345 रुपये कर दिया गया है।
बहुत बड़े वाहन (7 या उससे ज्यादा एक्सल): आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 7 या उससे ज्यादा एक्सल वाले वाहनों का टोल 4,145 रुपये से बढ़कर 4,230 रुपये हो गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 4,385 से 4,400 रुपये, बुंदेलखंड पर 3,965 से 3,980 रुपये और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 1,745 से 1,755 रुपये कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: BJP विधायक के बेटे से मांग लिया टोल टैक्स, तुरंत मार दिया थप्पड़
अधिकारियों ने बताया कि छोटे वाहनों के टोल टैक्स में बदलाव बहुत कम हुए हैं। पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर छोटी गाड़ियों का टोल ज्यादातर पहले जैसा ही रखा गया है। बड़े एक्सल वाले वाहनों में थोड़ी ज्यादा बढ़ोतरी की गई है। ये नई टोल दरें पूरे एक्सप्रेसवे की एक पूरी यात्रा (पहले टोल प्लाजा से आखिरी टोल प्लाजा तक) पर लागू होंगी।