धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में 23 नवंबर को पावन वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। हिंदी पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी वर्ष की एकमात्र ऐसी अनूठी तिथि है, जब 'हरि' (भगवान विष्णु) और 'हर' (भगवान शिव) के बीच आराधना की वनस्पतियों का आदान-प्रदान होता है। इस दिन देवाधिदेव महादेव श्रीहरि को प्रिय तुलसी दल स्वीकार करेंगे तो वहीं जगत के पालनहार भगवान विष्णु भोलेनाथ को अतिप्रिय बेलपत्र से श्रृंगारित होंगे। इस पावन अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर का स्थापना दिवस भी परंपरागत रूप से मनाया जाएगा।
चार शुभ योगों से बढ़ा पर्व का पुण्यफल
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुभाष पांडे के अनुसार इस वर्ष वैकुंठ चतुर्दशी पर शोभन, सुकर्मा, प्रीति और सौभाग्य जैसे चार अत्यंत शुभ योगों का निर्माण हो रहा है, जिससे इस तिथि का आध्यात्मिक महत्व और पुण्यफल कई गुना बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें: अकासा एयर की भुवनेश्वर फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट, 45 मिनट बाद दोबारा भरी उड़ान
जानिए क्या है तिथि मुहूर्त
- चतुर्दशी तिथि प्रारंभ: 22 नवंबर (मध्यरात्रि के बाद) 02:38 बजे से
- चतुर्दशी तिथि समापन: 23 नवंबर रात्रि 11:43 बजे तक
- भरणी नक्षत्र: 22 नवंबर भोर में 04:16 बजे से 23 नवंबर मध्यरात्रि के बाद 02:03 बजे तक
- पूजा का विधान और 'हरि-हर' मिलन
दो चतुर्दशी तिथि का विशेष महत्व
ज्योतिषाचार्य विमल जैन के अनुसार शास्त्रों के अनुसार वर्ष में दो बार चतुर्दशी तिथि का विशेष महत्व है—पहली भाद्रपद शुक्ल पक्ष की 'अनंत चतुर्दशी' और दूसरी कार्तिक शुक्ल पक्ष की 'वैकुंठ चतुर्दशी'। निशा व्यापिनी इस चतुर्दशी पर सर्वप्रथम भगवान श्रीहरि विष्णु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है और उसके पश्चात देवाधिदेव महादेव का पूजन किया जाता है। काशी के मंदिरों और देवालयों में इस अद्भुत 'हरि-हर मिलन' के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगेगा।
यह भी पढ़ें: काशी में देव दीपावली पर टूटेंगे सारे रिकॉर्ड, 11 लाख दीयों के साथ भव्य ड्रोन शो
पौराणिक कथा: जब विष्णु जी को मिला सुदर्शन चक्र
पौराणिक कथा के अनुसार एक बार भगवान विष्णु काशी में 108 कमल पुष्पों से भगवान शिव की आराधना कर रहे थे। भक्त की परीक्षा लेने के लिए महादेव ने माया से एक कमल का फूल कम कर दिया। पूजा के अंत में जब एक पुष्प कम पड़ा तो श्रीहरि ने अपने 'कमलनयन' (नेत्र) को ही शिवलिंग पर अर्पित करने का संकल्प लिया।
विष्णु जी की इस अटूट भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव स्वयं प्रकट हुए और उन्हें अमोघ सुदर्शन चक्र प्रदान किया। साथ ही महादेव ने यह वरदान भी दिया कि जो भक्त इस तिथि पर पहले भगवान विष्णु और फिर मेरी आराधना करेगा, उसे मृत्यु के पश्चात सीधा वैकुंठ लोक की प्राप्ति होगी।