वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार और नए टर्मिनल भवन का काम अंतिम चरण में है। अब तक करीब 89 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बाकी काम 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) खुद इस परियोजना की निगरानी कर रहा है। संभावना है कि जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
इसका लोकार्पण करेंगे। टर्मिनल के बनने के बाद एयरपोर्ट की क्षमता सालाना 60 लाख यात्रियों की हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य सेवाओं में वाराणसी की हैट्रिक, 0.77 स्कोर के साथ यूपी में अव्वल
टर्मिनल पर कितना खर्च हो रहा है और यह कितना बड़ा होगा?
इस परियोजना पर करीब 900 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। निर्माण अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। नया टर्मिनल 75,000 वर्गमीटर क्षेत्र में बन रहा है। इसमें एक समय में 5,000 यात्री आ-जा सकेंगे।
नए टर्मिनल की जरूरत क्यों पड़ी?
साल 2010 में बना पुराना टर्मिनल यात्रियों की बढ़ती संख्या के सामने छोटा पड़ने लगा। पहले यहां रोजाना 15 से 20 विमान आते थे और 3,000 से 5,000 यात्री सफर करते थे। अब रोजाना करीब 66 विमान उड़ान भरते हैं और 12,000 से 13,000 यात्री सफर करते हैं। इसी दबाव को कम करने के लिए नया टर्मिनल बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: अकासा एयर की भुवनेश्वर फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट, 45 मिनट बाद दोबारा भरी उड़ान
यह टर्मिनल दूसरे एयरपोर्ट से अलग कैसे होगा?
इसमें आधुनिक तकनीक के साथ काशी की आध्यात्मिक विरासत की झलक दिखेगी। मुख्य टर्मिनल भवन के ऊपरी हिस्से में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर गुंबद बनेगा। यह यात्रियों के लिए मुख्य आकर्षण होगा। सिक्योरिटी होल्ड एरिया की दीवारों पर काशी की संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियां उकेरी गई हैं। इन पर वैदिक मंत्र भी अंकित होंगे।
इमारत इस तरह डिजाइन की गई है कि दिन में सूरज की रोशनी सीधे अंदर आए। इससे ऊर्जा की बचत होगी और माहौल भी खुशनुमा रहेगा।
यात्रियों को कौन सी सुविधाएं मिलेंगी?
तीन मंजिला टर्मिनल में ग्राउंड फ्लोर पर अराइवल हॉल है। पहली मंजिल पर डिपार्चर हॉल और दूसरी मंजिल पर प्रशासनिक कार्यालय बनाए गए हैं। भीड़ से बचने के लिए 72 चेक-इन काउंटर, 14 सिक्योरिटी काउंटर, 8 एयरोब्रिज और सामान के लिए 8 कन्वेयर बेल्ट लगाए गए हैं। परिसर में मल्टी-लेवल कार पार्किंग का काम लगभग पूरा हो चुका है। खराब मौसम या कोहरे में विमानों के डायवर्ट होने की समस्या खत्म करने के लिए एयरपोर्ट को ILS कैटेगरी-3 में अपग्रेड करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया जा रहा है। इससे विमानन कंपनियों को होने वाला नुकसान भी कम होगा।