उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक मकान में जोरदार धमाका होने से दो मंजिला इमारत जमींदोज हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, मकान में कथित तौर पर अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। बताया जा रहा है कि यह हादसा सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर (सारंग तालाब/पंचकोशी) इलाके में आज शाम करीब 5 बजे हुआ। इसमें कई लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस, SDRF और पैरामेडिक टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं, बचाव और राहत कार्य जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ
ने संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने घायलों का समुचित उपचार कराने और परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
यह भी पढ़ें: 100 में 0.55 नंबर पाने वाले भी देंगे मेन्स परीक्षा, कहां हो रही ऐसी भर्ती?
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि दो लोगों को मामूली चोटों के साथ बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, वहीं एक महिला की तलाश जारी है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, धमाके से इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है और मौके पर चारों तरफ मलबा बिखरा पड़ा है। पुलिस की टीमें जब मौके पर पहुंचीं, तो वहां कई तरह के पटाखे मिले, जिनमें पुराने और हाथ से बनाए गए पटाखे भी शामिल थे।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक, बचाव कार्य चलाने और धमाके के कारणों की जांच के लिए मौके पर कई टीमें तैनात की गई हैं। धमाके की वजह का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि धमाके के सटीक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह धमाका पटाखों के अवैध भंडारण, एलपीजी सिलेंडर या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री की वजह से हुआ है।
पटाखों की वजह से रेस्क्यू में सावधानी
मकान में पटाखे बनाए जाने की शुरुआती जानकारी सामने आने के बाद राहत और बचाव कार्य में और ज्यादा सावधानी बरती जा रही है। मलबे में मौजूद पटाखों के कारण दोबारा विस्फोट हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाम करीब 5:40 बजे मकान मालिक राजू खान की मां के मलबे में फंसे होने की सूचना थी।
राजू खान का परिवार करीब 25 वर्षों से पैगंबरपुर में रह रहा था, बताया जा रहा है कि राजू खान और उसका एक भाई पटाखों के कारोबार से जुड़े थे। धमाके के बाद राजू खान का मकान पूरी तरह ढह गया और आस पास के दूसरे मकान को भी नुकसान पहुंचा।