अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने अपने वकील अनुज पुंडीर के साथ रविवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने अंकिता भंडारी और उसके पुरुष साथी के बीच हुई 4084 पेज की कथित चैट को सार्वजनिक की। उन्होंने कहा कि यह पूरा सियासी मुद्दा बन गया है। विपक्ष के पास कोई और मुद्दा नहीं बचा है। हर चुनाव से पहले इसे उछाला जाता है। आगे कहा कि तीनों लोगों को ट्रायल कोर्ट से आजीवन कारावास की सजा मिल गई। हाई कोर्ट में मामला विचाराधीन है। इसके अलावा और क्या न्याय चाहते हैं?
दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने कहा, 'इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य यह है कि आप इन चैट को पढ़ें और पूरी सच्चाई समाज के सामने आए। बेटी अंकिता को जिन लोगों ने प्रताड़ित, अपमानित और मजबूर किया है, सरकार उन लोगों को भी जांच में शामिल करे और उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो।' उन्होंने बताया कि कुल 4800 पेज की चैट है।
यह भी पढ़ें: मैथिली ठाकुर के पिता पर ग्रामीणों के जमीन कब्जाने का आरोप, क्या बोले गांव वाले?
'केस में कोई वीआईपी शामिल नहीं'
जब पूरे मामले में किसी वीआईपी के शामिल होने के बारे में पूछा गया तो विनोद आर्य ने कहा, 'हमारी जानकारी के अनुसार इस पूरे केस में कोई वीआईपी नही हैं। चुनाव से हमारा कोई लेना-देना नहीं है और न ही हम इसे उस तरफ मोड़ रहे हैं। हम सिर्फ यह चाहते हैं कि अंकिता को प्रताड़ित करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।' विनोद आर्या ने अंकिता के पिता और माता पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। दावा किया कि पूरी चैट में अंकिता ने पुलकित के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोला।
सीबीआई जांच में पूरा सहयोग करेंगे: विनोद आर्य
दोषियों के बारे में उन्होंने कहा, '12-12 और 15-15 हजार की नौकरी करने वाले बच्चों पर गुंडा एक्ट की धारा लगी। अब यह कहां का न्याय है? उन दोनों बच्चों की माताएं स्वर्ग सिधार गईं।' उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच में हम पूरा सहयोग करेंगे। अगर मुख्यमंत्री न्याय चाहते हैं तो जिन लोगों ने अंकिता भंडारी को प्रताड़ित किया, उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो।
'सरकार ने प्रेशर में काम किया'
पुलकित आर्य के वकील अनुज पुंडीर ने कहा, 'किस प्रकार का उत्तराखंड के अंदर माहौल पहले दिन से बनाया गया, जो प्रेशर तैयार किया गया, जिसकी वजह से तीन लोग जेल में हैं, वो प्रेशर लगातार बढ़ता रहा। सरकारें उसके दबाव में काम करती रहीं और करते-करते सरकारों का उस न्यायालय के आदेश में कहीं न कहीं प्रभाव दिखा, क्योंकि सरकार दबाव में थी और उसी में काम कर रही थी। वही दबाव आज एक बार फिर उत्तराखंड में दोबारा से वीआईपी को लेकर चला आ रहा है।'
वकील ने लगाए संगीन आरोप
पुंडीर ने आगे दावा किया कि हमने एक-एक दस्तावेज को पढ़ा। इसमें किसी प्रकार का कोई वीआईपी का इन्वॉल्वमेंट नहीं था। कहा, 'आप लोगों को बताया गया कि जो चैट हैं, जो मृतका अंकिता भंडारी ने अने बॉयफ्रेंड पुष्पदीप को भेजी थी, वह लगभग 4084 पेज की चैट है। इसे हमने हाई कोर्ट से प्राप्त की है। उनका जब हमने अध्ययन किया और उन्हें जब हमने पढ़ा तो लड़की के बयान और चैट में जो लिखा था, वह सब केवल पुष्पदीप को यह साबित करने के लिए था कि वो यहां इनसिक्योर है।'
वकील ने आरोप लगाया, 'अंकिता पहले अपने घर में इनसिक्योर थी, अपने मां-बाप से इनसिक्योर थी, उसके बाद वो वनंतरा रिजॉर्ट में इनसिक्योर बता रही थी, जिससे कि वो (पुष्पदीप) उसे साथ ले जाए और उसके साथ वो शादी कर ले। केवल ये उस चैट से नजर में आता है। उसमें कहीं ऐसा नहीं आता कि कोई वीआईपी का इन्वॉल्वमेंट था और कोई उसकी हत्या का मामला बना हो।'
यह भी पढ़ें: हवा में इंडिगो के विमान का लैंडिंग गियर फेल, पुणे में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
वकील ने एसआईटी जांच पर भी सवाल उठाए और कहा कि इसमें बहुत खामियां हैं। आरोप लगाया कि एसआईटी की जांच में यह साबित करने की कोशिश की गई कि वनंतरा रिजॉर्ट में देह व्यापार का कार्य चलता था। लेकिन पूरे केस के ट्रायल में एक भी गवाह इस बात को साबित नहीं कर सका। उन्होंने आगे कहा कि कोई वीआईपी का आने का ऐसा कोई प्रमाण एसआईटी को नहीं मिला।
आरोप लगाया कि यह पूरा सियासी मुद्दा है और विपक्ष के पास इसके अलावा कुछ नहीं बचा है। सवाल पूछा कि जो अंकिता भंडारी को न्याय की बात करते हैं तो तीन लोग जेल में बंद हैं, आजीवन कारावास मिली है, उच्च न्यायालय में मामला विचाराधीन है। इसके अलावा वे लोग और क्या न्याय चाहते हैं?